हल्द्वानी: भाजपा ने दिया नोटिस का जवाब - भूलवश पुरानी फोटों सोशल मीडिया पर दी गईं

हल्द्वानी: भाजपा ने दिया नोटिस का जवाब - भूलवश पुरानी फोटों सोशल मीडिया पर दी गईं

हल्द्वानी, अमृत विचार। लालकुआं में सोशल मीडिया पर प्रचार के दौरान उत्तराखंड शासन के कैलेंडर बांटने का मामला निस्तारित हो गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि भूलवश पुरानी फोटो अपलोड कर दी गई थीं, जिन्हें हटा लिया गया है। इस पर एआरओ ने चेतावनी देकर मामला निस्तारित कर दिया है। 

लालकुआं एआरओ परितोष वर्मा ने बताया कि बीती एक अप्रैल को युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने शिकायत कर बताया कि लालकुआं के सुभाष नगर में भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर उत्तराखंड शासन के कैलेंडर बांट रहे हैं। इस कैलेंडर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तस्वीरें हैं और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई है।

आरोप लगाया कि यह आचार संहिता का उल्लंघन हैं। इसके बाद एआरओ परितोष वर्मा ने भाजपा के लालकुआं मंडल अध्यक्ष धन सिंह बिष्ट को नोटिस जारी कर 48 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा था।

इधर, मंडल अध्यक्ष बिष्ट ने बताया कि प्रचार के दौरान पुरानी फोटो अपलोड कर दी गई, लेकिन जब इसकी शिकायत हुई तो तत्काल सोशल मीडिया से हटा दिया गया। लालकुआं एआरओ परितोष वर्मा ने बताया कि मंडल अध्यक्ष बिष्ट ने भूलवश पुरानी फोटो अपलोड होने का स्पष्टीकरण देते हुए क्षमा का अनुरोध किया था।

इस पर उन्हें चेतावनी दी गई है कि लोकसभा चुनाव में आचार संहिता का कड़ाई से पालन करें। यदि भविष्य में आचार संहिता का उल्लंघन किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला सूचना विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि कैलेंडर उनकी ओर से नहीं दिए गए हैं।