मुरादाबाद : खाना बनाते समय लीकेज गैस से घर में लगी आग, हजारों का सामान जलकर खाक

मुरादाबाद : खाना बनाते समय लीकेज गैस से घर में लगी आग, हजारों का सामान जलकर खाक

मुरादाबाद/कुन्दरकी, अमृत विचार। शुक्रवार को थाना क्षेत्र के एक गांव में खाना बनाते समय पाइप से लीक हुई गैस ने अचानक आग पकड़ ली। देखते ही देखते मजदूर के घर में भीषण आग लग गई। इसमें फ्रिज व अन्य घरेलू सामान जल गया।

घटना ग्राम चक फाजलपुर की है। यहां रहने वाले लुकमान मजदूरी करते हैं। शुक्रवार की दोपहर वह, उनकी पत्नी जैनब और बेटी सुमैया घर में थे। इस दौरान उनकी पत्नी जैनब खाना बनाने लगी। जैनब ने जैसे ही चूल्हा जलाया कि तभी अचानक पाइप से लीक हो रही गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। 

आसपास रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। लुकमान, उनकी पत्नी व बेटी शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे। इस बीच शोर-शराबा सुनकर आसपास रहने वाले काफी लोग भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन आग का विकराल रूप देख किसी की हिम्मत उसके पास जाने की नहीं हुई। 

बाद में कुछ लोगों ने हिम्मत करके आग को बुझाया। मगर तब तक घर में रखा फ्रिज, इनवर्टर, बैटरी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही की आग की चपेट में आकर गैस सिलेंडर नहीं फटा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गृहस्वामी ने बताया कि हादसे में हजारों रुपए का सामान जल कर नष्ट हो गया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सात साल बाद आया फैसला, चार दोषसिद्ध अभियुक्तों को आजीवन कारावास