मुरादाबाद : जाम-दुर्घटनाएं रोकने और सुरक्षा देने को पुलिस ने बनाई व्यवस्था, जानिए...
पहल : महानगर में चल रहे प्रत्येक थ्री-व्हीलर को मिली पहचान, अब जाम का झाम और न ही सफर में कोई व्यवधान
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस ने यातायात मामले में आमजन को बेहतरीन सुविधा दी है। व्यवस्था दुरुस्त होने से अब जाम का झाम गुजरे जमाने की बात हो गई है। वैसे मंडल मुख्यालय होने से महानगर में वाहनों का दबाव अधिक है। फव्वारा, पीलीकोठी, कपूर कंपनी, बुध बाजार, टाउनहाल पर दिनभर जाम ही रहता था। नई व्यवस्था का संचालन एक नवंबर से शुरू हुआ है।
सामान्यत: अधिकांश शहरों में थ्री-व्हीलर जाम का कारण बने हैं। लेकिन, महानगर में पुलिस ने थ्री-व्हीलर के संचालन को व्यवस्थित कर लिया है। क्षेत्र, मार्ग निर्धारित कर जोन तय कर दिए हैं। थ्री-व्हीलर ई-रिक्शा, ऑटो के आगे शीशे और पीछे जोन नंबर अंकित किए हैं। जोन वार रंग निर्धारित कर वाहनों पर दाएं-बाएं, आगे व पीछे पट्टी बनाकर उसे पेंट कराया है। इससे जहां यातायात व्यवस्थित हुआ है, वहीं दुर्घटनाओं को भी टाला जा सकेगा और प्रत्येक थ्री-व्हीलर की पहचान होने से लोगों को सुरक्षित होने को अहसास हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि महानगर में जाम लगने का कारण ई-रिक्शा व थ्री-व्हीलर हैं। इसके लिए इन थ्री-व्हीलर के रूट निर्धारण सबसे उत्तम उपाय है।
ईंधन की बचत और सुरक्षा भी
व्यवस्था बनने से ई-रिक्शा चालक भी खुश हैं। चालक अकबर, रामकरन, पिंटू का कहना है कि जोन निर्धारण से अब थ्री-व्हीलर वाले मनमर्जी नहीं कर पाएंगे। जाम नहीं लगेगा तो ई-रिक्शा की बैट्री व ईंधन की भी बचत होगी। प्रभारी निरीक्षक यातायात पवन कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा के जोन निर्धारण से अपराध को भी रोक पाएंगे। ई-रिक्शा पर बैठे लोगों के बीच कोई कहासुनी होती है या चालक ही कोई अपराध करता है तो वह पहचान में आ सकेगा और पुलिस कार्रवाई भी कर सकेगी। पीड़ित संबंधित ई-रिक्शा के जोन संख्या के अनुसार थाने में शिकायत भी दर्ज कर सकेंगे।
पुलिस ने क्षेत्र-मार्ग निर्धारित कर जोन तय किए
- थ्री-व्हीलर को जोन रंग से दी पहचान
- जोन-1 लाइनपार पट्टी का रंग लाल।
- जोन-2 बुद्धि विहार पट्टी का रंग पीला।
- जोन-3 चंद्र नगर पट्टी का रंग बैंगनी।
- जोन-4 पुलिस अकादमी पट्टी का रंग नीला।
- जोन-5 नवीन नगर पट्टी का रंग सफेद।
- जोन-6 इंपीरियल तिराहा पट्टी का रंग काला।
- जोन-7 मंडी चौक पट्टी का रंग नारंगी।
- जोन-8 बरबलान पट्टी का रंग हरा।
महानगर में थ्री-व्हीलर के लिए अभी तक जोन निर्धारण की व्यवस्था नहीं थी। हम लोगों ने इसे तय कर प्रभावी भी कर दिया है। थ्री-व्हीलर के रजिस्ट्रेशन भी हो गए हैं। जाम की समस्या समाप्त हो रही है। - हेमराज मीना, एसएसपी
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड के सभी 12 आरोपियों पर गैंगस्टर में कार्रवाई