शाहजहांपुर: 14 मिनट में अधिकारियों ने जो दिखाया, वही देखकर लौट गए राज्य मंत्री

शाहजहांपुर: 14 मिनट में अधिकारियों ने जो दिखाया, वही देखकर लौट गए राज्य मंत्री

शाहजहांपुर/रोजा, अमृत विचार। खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने गुरुवार को जिले के धान खरीद केन्द्रों का निरीक्षण किया। राज्य मंत्री का निरीक्षण इतना तूफानी रहा कि रोजा मंडी में महज 14 मिनट में छह सेन्टरों का निरीक्षण कर लौट गए।

राज्य मंत्री के निरीक्षण की खानापूर्ति की चर्चाएं होती रहीं। धान बेचने के लिए मंडी में दिन रात गुजार रहे किसानों का दर्द तक मंत्री ने नहीं सुना। राज्य मंत्री गुरुवार की दोपहर करीब पौने दो बजे रोजा मंडी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले आरएफसी तृतीय व चतुर्थ केंद्र पर पहुंचकर धान तौल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने आनन फानन पीसीएफ आदि के पांचवें और छठे केंद्र का भी निरीक्षण कर डाला।

राज्य मंत्री ने इस दौरान सेंटरों पर धान खरीद रजिस्टर भी देखा। इस दौरान राज्यमंत्री ने शासन की क्रय नीति के आधार पर किसानों से खरीद सुनिश्चित करने के धान क्रेन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिए।

साथ ही खरीदे गए धान के सापेक्ष अनुमन्य धनराशि का भुगतान किसानों के खातों में भुगतान निर्धारित समयावधि 48 घंटे के अंदर कराने को कहा। मात्र 14 मिनट के निरीक्षण बाद राज्य मंत्री ने कहा कि सभी केन्द्रों का कामकाज ठीक है और फिर अपनी कार में बैठकर जिला मुख्यालय की ओर रवाना हो गए। इस मौके डिप्टी आरएमओ, मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी आदि मौजूद थे।

सबकुछ ठीक दिखाने की पहले से की गई तैयारी
रोजा। प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री के पहुंचने से पहले मंडी प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली थीं। राज्य मंत्री को सबकुछ ठीक दिखाने के लिए कुछ केन्द्रों पर नकली किसानों को खड़ा कर दिया गया ताकि यदि मंत्री किसानों से वार्ता करना चाहें तो उन किसानों को उनके सामने कर दिया जाए। इसके अलावा एक एजेंसी के क्रय केंद्र के बाहर ट्राली से धान के बोरों को खोलकर डाल दिया गया। ताकि राज्य मंत्री को लगे कि धान की खरीद की जा रही है।

धान खरीद बढ़ाने को गांव जाकर किसानों से संपर्क करें अधिकारी: शर्मा
शाहजहांपुर। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने रोजा मंडी के निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान कहा कि जिले में धान खरीद की स्थिति संतोषजनक है। रोजा मंडी में खरीद केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से वार्ता कर स्थिति का जायजा लिया। किसानों ने उन्हें बताया है कि धान लेकर आने वाले किसी भी किसान को लौटना नहीं पड़ रहा है।

जो भी किसान केंद्र पर धान बेचने पहुंच रहा है उनका धान खरीदा जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह किसानों को एमएसपी पर धान बेचने के लिए प्रेरित करें। जरूरत पड़े तो गांवों में जाकर किसानों को जागरूक करें। राज्यमंत्री ने कहा कि किसानों से बातचीत में उन्हें पता चला है कि कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है। इसके बाद भी अगर कहीं लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सरकार किसानों की खुशहाली के लिए काम कर रही है। ज्यादा से ज्यादा किसानों को एमएसपी मिले इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सरकारी केंद्रों पर जो भी धान लेकर आ रहा है उस किसान का धान खरीदा जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को धान खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि अगर जरूरत पड़े तो गांव में जाकर किसानों से संपर्क कर सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए प्रेरित किया जाए। देवी-देवताओं पर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि यह बात भले ही स्वामी प्रसाद कह रहे हों, लेकिन यह मंशा सपा प्रमुख अखिलेश यादव की है।

बता दें कि स्वामी प्रसाद ने माता लक्ष्मी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने एक ट्वीट के जरिए पूछा था कि चार हाथ, आठ हाथ, दस हाथ, बीस हाथ और हजार हाथ वाला बच्चा आज तक पैदा ही नहीं हुआ तो चार हाथ वाली लक्ष्मी कैसे पैदा हो सकती है? इसको लेकर तमाम लोग स्वामी प्रसाद की आलोचना कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: शाहजहांपुर: युवती की हैंगिंग से मौत, शरीर में चोट के निशान नहीं

ताजा समाचार

Unnao: एआरटीओ प्रवर्तन को पाकिस्तान के नम्बर से आई कॉल, फोन करने वाले ने कहा ये...सुनकर सहमे अधिकारी, जानिए पूरा मामला
Kanpur: एपी फैनी जमीन मामला: सलीम बिरयानी ने खोले कई गहरे राज; सफेदपोश समेत 12 नाम उजागर
चेतावनी बिंदु के पास पहुंच रहा है गंगा का जलस्तर : विधायक और डीएम ने 150 बाढ़ पीड़ियों को बांटी राशन सामग्री
100 से अधिक लोगों को मकान खाली करने की नोटिस : खलिहान और रास्ते की जमीन पर मकान बनाने का आरोप
Jalaun: जुआ खिलवाने में थानाध्यक्ष और 2 सिपाही निलंबित; 17 जुआरी भी गिरफ्तार, इतने लाख रुपये बरामद...
लखीमपुर खीरी: भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई ने तमंचे से खुद को गोली से उड़ाया