तीसरी सरकार में नहीं रहेगा तिजोरी में बेईमानी का पैसा, अयोध्या में बोले केशव मौर्या
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने देवकाली बाईपास स्थित होटल में भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन को किया सम्बोधित

अयोध्या, अमृत विचार। विपक्षी लगातार पूछते हैं कि सरकार छापे क्यों मार रही है। जब उनके पास रुपया, सोने चांदी जमीन निकलती है। एजेन्सियां उनसे इसके बारें में पूछती है तो वह कहते है कि हमसें न पूछो हम सपा, कांग्रेस व आप वाले हैं। मोदी को छापा डालने का अधिकार जनता ने दिया है। आज ईमानदार खुशी से घूमता है और बेइमान की धड़कने बढ़ी है।
मोदी किसी भी बेईमान को छोड़ने वाले नहीं हैं। तीसरी बार सरकार बनने पर बेईमानी का एक भी पैसा तिजोरी में नहीं रहेगा। यह बात उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कही। वे देवकाली बाईपास स्थित एक होटल में शनिवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने पर भाजपा द्वारा आयोजित महिला मोर्चा के सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होनें कहा कि राममंदिर के लिए 500 वर्षो तक संघर्ष हुआ। अयोध्या में रामभक्तों का खून बहाया गया। रामलला का मंदिर बन रहा है। 22 जनवरी को रामलला के जन्मस्थान पर नूतन विग्रह विराजमान होने वाला है। अभी और बहुत सारे मंदिर बनने वाले है। राममंदिर राष्ट्र की एकता व अखंडता का प्रतीक होगा। अभी तक दस हजार लोग आते थे। अब 1.5 लाख से ज्यादा लोग अयोध्या आ रहे है। जिससे रोजगार बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि नये संसद भवन में पहला कानून नारी शक्ति वंदन अधिनियम का पारित हुआ। यह प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण सम्पन्न हुआ। आज बेटे व बेटी में अंतर समाप्त हो गया। आज बेटी बोझ नहीं है। पहले गरीब के घर बेटी होती थी तो पढ़ाई व विवाह की चिंता होती थी। अब बेटियां पैदा होती है तो वह लक्ष्मी का रूप होती है। किसी को चिंता करने की जरुरत नहीं। डबल इंजन की सरकार इनकी व्यवस्था कर रही है।
लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री सुमंगला, सामूहिक विवाह योजनाएं चलायी जा रही है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत डेढ़ करोड़ शौचालय, 15 करोड़ गैस कनेक्शन, हर घर नल पानी देने का कार्य किया गया। कांग्रेस सरकार में 100 रुपया सरकार से चलता था तो जनता तक 15 रुपया पहुंचता था।
सरकार ने योजनाओं का 30 लाख करोड़ सीधे बैंक खाते में पहुंचाने का कार्य किया। मौके पर सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री ममता पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: अयोध्या: नहीं रहे वरिष्ठ अधिवक्ता व सपा नेता रामनाथ वर्मा, डेंगू से थे पीड़ित