मुरादाबाद : रैली निकालकर विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का किया आरंभ
सीएमओ कार्यालय पर फीता काटकर और गुब्बारे उड़ाकर जिलाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया

रैली को दिखाई हरी झंडी, शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को जागरूकता
मुरादाबाद,अमृत विचार। एक से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान का आरंभ शनिवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने सीएमओ कार्यालय पर किया। उन्होंने प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विश्राम सिंह, डिप्टी सीएमओ डा. संजीव बेलवाल के साथ फीता काटकर और गुब्बारे उड़ाकर जिले में अभियान शुरू किया। उन्होंने चिकित्साधिकारियों के साथ नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को समन्वय कर लोगों को संचारी रोगों डेंगू, मलेरिया आदि से बचाने के लिए काम करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि मानसून के समय बारिश के बाद जलभराव से मच्छरों के पनपने से संचारी रोग तेजी से बढ़ते हैं।
प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान में घर-घर जाकर टीमें लोगों को इसके बारे में जागरूक करेंगी। जिला मलेरिया अधिकारी पीएन यादव ने बताया कि महानगर में नगर निगम की ओर से हाईरिस्क वाले मोहल्लों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। झाडियों की कटाई कराकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर भी जोर दिया जाएगा। एक से 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान को सभी की सहभागिता से सफल बनाया जाएगा। जागरूकता रैली में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों ने शहर के विभिन्न मार्गों से होकर लोगों को संचारी रोगों के बारे में जानकारी दी।
पंफलेट वितरित कर लोगों को बीमारी से बचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि अभियान में ओआरएस का घोल और जिंक की गोली का वितरण किया जाएगा। आशाओं के अलावा मलेरिया विभाग के फील्ड वर्कर शहर और गांवों में मच्छर न पनपें इसके लिए लोगों से साफ पानी का जमाव न करने, कूलर का पानी बदलते रहने, फ्रिज की आइस ट्रे को नियमित साफ करने और छत या घर के बाहर पड़े पुराने टायरों, बर्तनों को हटाने या उन्हें ढक कर रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिससे डेंगू और मलेरिया न फैले। स्कूलों में प्रार्थना सभा के अलावा आसपास के क्षेत्र में रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। गोष्ठी और चित्रकला के माध्यम से जागरूकता बढ़ाया जाएगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : डीएम-एसएसपी ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों से कहा- शिकायतों को टाले नहीं, तुरंत निस्तारण करें