बिहार : अमित शाह की आज नवादा के हिसुआ में जनसभा, अर्द्धसैनिक बलों की 10 और कंपनियां रवाना, गृह मंत्री ने राज्यपाल से की बात

पटना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को नवादा जिले के हिसुआ में जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, शाह दोपहर बाद हिसुआ में जनसभा को संबोधित करेंगे। वह शनिवार दोपहर को पटना पहुंचे थे और उन्होंने शहर के होटल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश नेताओं के साथ बैठक की। एक बयान में कहा गया है कि रविवार सुबह सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के पटना फ्रंटियर का उनका निर्धारित दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया। शाह को एसएसबी के नौ प्रतिष्ठानों को जनता को समर्पित करना था तथा पटना फ्रंटियर के नए भवन के लिए भूमि पूजन करना था। अब वह दोपहर में नवादा के लिए रवाना होंगे।
इससे पहले वह प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। नवादा में डेरा डाले भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री जिबेश कुमार मिश्रा ने फोन पर पीटीआई-भाषा से कहा, ''नवादा में कार्यक्रम जारी है। जिले में शांति बहाल है और अन्य जगहों की तरह यह गड़बड़ी से प्रभावित नहीं है। इससे पूर्व शाह का रोहतास जिले के सासाराम का दौरा रामनवमी उत्सव के दौरान भड़के सांप्रदायिक तनाव के कारण रद्द कर दिया गया था। इसके अलावा, नवादा से बमुश्किल 40 किलोमीटर दूर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले बिहारशरीफ में भी सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी। दोनों दंगा प्रभावित शहरों में करीब 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी कल दोपहर 2 बजे, बिहार के नवादा में @BJP4Bihar द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। pic.twitter.com/1OerzG6dDJ
— Office of Amit Shah (@AmitShahOffice) April 1, 2023
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं पर रविवार को चिंता व्यक्त की और स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से बात की। सूत्रों ने यह जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हिंसा से पैदा हुई स्थिति से निपटने में राज्य प्रशासन की मदद करने के लिए बिहार में अतिरिक्त अर्द्धसैन्य बलों को भेजने का फैसला किया है। बिहार सरकार के अनुरोध के बाद अतिरिक्त बलों को भेजा जाएगा। सूत्रों ने कहा, गृह मंत्री ने बिहार के राज्यपाल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राज्य में हिंसा पर चिंता भी व्यक्त की।
गौरतलब है कि रामनवमी पर निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान बिहार के सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। पुलिस ने सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में शनिवार तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया था। दोनों शहरों में सांप्रदायिक हिंसा में कई वाहनों, मकानों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया था। हिंसा में कई लोग घायल हुए थे।
सासाराम में जिला प्रशासन ने फिर से झड़प होने के बाद शुक्रवार दोपहर को निषेधाज्ञा आदेश लागू कर दिया था। यही नहीं, गृह मंत्री ने रविवार को सासाराम का अपना प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रमुख सम्राट चौधरी ने मौर्य राजवंश के सम्राट अशोक की जयंती का जश्न मनाने के लिए सासाराम में प्रस्तावित कार्यक्रम के रद्द होने के लिए बिहार की नीतीश कुमार सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। शाह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को नवादा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
बिहार के हालात के मद्देनजर केंद्र सरकार यहां और ज्यादा अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती करेगी। गृहमंत्री ने कहा कि कुछ कंपनियां बिहार के संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई हैं और कुछ कंपनियां आज पहुंच जाएंगी. उन्होंने कहा कि अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती राज्य पुलिस को सहयोग करने के लिए और राज्य में शांति स्थापित करने के लिए है। सूत्रों के मुताबिक 10 पैरामिलिट्री की कंपनियों को बिहार भेजा गया है. इसमें CRPF, SSB और ITBP के जवान शामिल हैं।
बिहार शरीफ में हुई सांप्रदायिक हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई है। बीती रात पहाड़पुर क्षेत्र में फायरिंग हुई थी। जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे. पुलिस ने मौत की पुष्टि कर दी है। शनिवार शाम को हिंसा के बाद यहां 12 राउंड गोलियां चली थीं। बिहार हिंसा में अब तक कुल 106 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जिसमें बिहार शरीफ से 80 और सासाराम से 26 लोग अरेस्ट किए गए हैं।
नालंदा में हुई हिंसा पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, बिहार सरकार में पहले मुख्यमंत्री पल्टूराम थे लेकिन अब उनके अधिकारी भी पल्टूराम हो गए हैं?.. रामनवमी का जुलूस पहले से तय था तो सरकार सजग क्यों नहीं थी? ये (नीतीश कुमार) किसे बेवकुफ बना रहे हैं? क्या बिना उनके आदेश के नालंदा में धारा 144 लगी? गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
नालंदा हिंसा पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, नीतीश कुमार की प्रशासन पर पकड़ नहीं है इसलिए अगर वे नालंदा को नहीं बचा पाए, वहां के हिंदूओं को नहीं बचा पाए तो क्या नालंदा के हिंदू सब छोड़कर भाग जाए? अगर रामनवमी नालंदा में न मने तो क्या पाकिस्तान, बांग्लादेश मलेशिया में मने?
रोहतास के सासाराम में हुए धमाके पर डीएम धर्मेंद्र कुमार ने कहा, रात 8-8:30 बजे सूचना मिली थी कि एक समुदाय के लोगों द्वारा एक समुदाय के धार्मिक स्थल पर विस्फोटक फेंका गया, जिसमें 6 लोग घायल हुए। जांच में पता चला कि बगल के कमरे में रखे विस्फोटक को गलत तरह से रखा था। FSL की टीम ने भी इसकी सत्यता की है। हमने फोर्स तैनात की है। लोगों अफवाहों पर ध्यान न दें।
SP विनीत कुमार (सासाराम, रोहतास) ने बताया कि हमने अब तक करीब 32 लोगों को गिरफ़्तार किया है। हम टीम बनाकर छापेमारी कर रहे हैं। हम वायरल वीडियो, CCTV फुटेज का सत्यापन करते हुए गिरफ़्तारियां कर रहे हैं। दंगाईयों के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई करेंगे। संवेदनशील जगाहों पर फोर्स तैनात की है। विश्वास बहाली के लिए फ्लैग मार्च कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि पुलिस हमारे घरों के सामने सीढ़ी लगाकर ऊपर चढ़ी और दरवाजे तोड़कर घर के सभी पुरुषों को अपने साथ ले गई। अगर रात में कोई मुस्लिम आएगा तो वह हम सबको मार ही देंगें। हमारे पुरुष घर पर नहीं है तो हम क्या खा सकते हैं? नालंदा के बिहार शरीफ में हुई हिंसा में मारे गए लड़के की बुआ ने बताया कि वह राशन लाने गया था और राशन लेने पहुंचा भी नहीं था कि उसे रास्ते में ही गोली मार दी गई।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, बिहार की विधी व्यवस्था बिल्कुल चौपट है। मार्च के आंकड़ें को देखें तो, जहां 4 दर्जन के आसपास रेप हो गया हो, जहां 200 से अधिक संदिग्ध मौतें हुईं हो, वहां की स्थिति क्या हो सकती है। यहां की सरकार को विकास और जान-माल से कोई मतलब नहीं है। यहां अपराधियों को सरंक्षण मिल रहा है।
रामनवमी पर देश के अलग-अलग राज्यों में हुई हिंसा की घटनाओं पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, रामनवमी पर सालों से जुलूस निकल रहे हैं लेकिन कभी कुछ नहीं हुआ। अब क्योंकि 2024 में लोकसभा होने वाले हैं इसलिए भाजपा ही यह सब करवा रही है जिससे समाज में तनाव पैदा हो।