बड़ा सवाल : क्या रामपथ के प्रभावितों को हाउस टैक्स में मिलेगी राहत.!

बड़ा सवाल : क्या रामपथ के प्रभावितों को हाउस टैक्स में मिलेगी राहत.!

अमृत विचार, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि पर राममंदिर निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। योगी सरकार अयोध्या को फोर लेन और छह लेन सड़कों से जोड़ रही है। इसी फोर लेन में शामिल है रामपथ। यह फोरलेन सड़क सआदतगंज से नयाघाट तक बन रहा है। इसके लिए इस मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। 13 किमी लम्बे रामपथ के लिए हजारों दुकानें व मकान गिराये जा रहे हैं।

रिकाबगंज चौराहा से लेकर नयाघाट अयोध्या तक जो भी आवासीय व अनावासीय भवन हैं। किसी का मकान सड़क  से 10 फुट तो किसी का 20 फुट टूट रहा है। मकान व दुकान टूटने के बाद उनका क्षेत्रफल भी घट जाएगा। लगभग सभी प्रभावित लोग नगर निगम को हाउस टैक्स दे रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि जिनके मकान-दुकान टूटने से उसका क्षेत्रफल घट रहा है, ऐसे प्रभावित लोगों को नगर निगम हाउस टैक्स में राहत देगा।

सआदतगंज से नयाघाट तक बनने वाले रामपथ सड़क चौड़ीकरण के दायरे में  करीब एक हजार मकान व 2100 दुकाने प्रभावित हो रही हैं। नगर निगम की ओर से स्वकर निर्धारण के तहत लोग जो क्षेत्रफल बताते हैं उसी के अनुसार आवासीय व अनावासीय कर निर्धारण किया जाता है। नगर निगम अलग-अलग वार्डों में क्षेत्र की स्थिति के अनुसार सम्पत्ति के क्षेत्रफल के अनुसार हाउस टैक्स लेता है।

चौड़ीकरण की चपेट में आने वाले लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण में जब सम्पत्ति का क्षेत्रफल घट रहा है तो अब नगर निगम को हाउस टैक्स में राहत भी देनी चाहिये। नियावां निवासी मोहम्मद यासीन कहते हैं कि उनका आवासीय अनावासीय दोनो का करीब 400 स्क्वायर फिट दो मंजिला मकान टूट रहा है।

हमारी नगर निगम व सरकार से मांग है कि हम लोगों की परेशानी देखते हुए सरकार हाउस टैक्स में राहत दे। रिकाबगंज के उमेश प्रताप सिंह कहते हैं कि सड़क चौड़ीकरण से उनका लगभग 350 स्क्वायर फीट मकान का क्षेत्रफल घट जाएगा। इसलिए मकान का क्षेत्रफल घटने के बाद हाउस टैक्स को कम किया जाये, जिससे कुछ राहत मिल सके। 

 नगर निगम क्षेत्र में हाउस टैक्स-वॉटर टैक्स देने वाले लोग

  1. फैजाबाद शहर में कुल 45 वार्ड आते हैं और यहां कुल 31887 लोग करदाता हैं।
  2. अयोध्या नगर में कुल 15 वार्ड आते हैं और यहां कुल 11836 लोग करदाता है। 

सड़क चौड़ीकरण वाले क्षेत्रों से टैक्स कम करने का अभी कोई प्रस्ताव निगम के पास नहीं है और न ही अभी किसी भी व्यक्ति ने नगर निगम में टैक्स कम करने का कोई आवेदन ही  दिया है। यदि टैक्स कम करने के लिए कोई व्यक्ति आवेदन देता है तो उस पर विचार किया जाएगा ...अरुण कुमार गुप्त, अपर नगर आयुक्त।

यह भी पढ़ें:-योगी सरकार पर बढ़ा है जनता का विश्वास: सतीश शर्मा