हरदोई : चाचा ने भतीजे के सीने पर मारी गोली, मौत

भरावन चौराहा पर हुई गोलीबारी में दो और युवकों के लगी गोली, गुस्साई भीड़ ने फूंकी बाइक, पुलिस के सामने हुआ बवाल

 हरदोई : चाचा ने भतीजे के सीने पर मारी गोली, मौत

अमृत विचार, हरदोई। खेती-बाड़ी को लेकर हो रही कहासुनी के चलते गोलाबारी होने लगी। जिसमें चाचा ने अपने भतीजे के सीने पर रख कर गोली दाग़ दी। जिससे उसकी मौत हो गई।वही उसी युवक के दो भाई गोली लगने से बुरी तरह ज़ख्मी हो गए। ठीक भरावन चौराहा पर हुए इस बवाल के बीच गुस्साए लोगों ने बाइक को आग लगा दी। इतना ही नहीं वहां पथराव किया गया,और तो और सारा तमाशा पुलिस के सामने होता रहा, लेकिन वह बेचारी सी बनी रही।

बताया गया है कि रविवार की देर शाम को अतरौली थाने के भरावन चौराहा निवासी मंगला चरण पाण्डेय और वहीं के यदुनाथ के बीच खेत को ले कर कुछ कहासुनी हो रही थी।  बात काफी बढ़ गई,इस पर मंगला चरण पाण्डेय यदुनाथ के घर में घुस गया। वहां काफी नोंकझोंक हुई, उसके बाद मंगला चरण पाण्डेय जब बाहर निकला तो उसने पत्थरबाज़ी शुरू कर दी। पत्थरबाज़ी होने से शानू पाण्डेय पुत्र भगवान दीन पाण्डेय चुटहिल हो गया।

इस पर शानू के भाई रजत पाण्डेय ने भाई के ज़ख्मी होने का विरोध करते हुए मंगला चरण पाण्डेय को उल्टा-सीधा बोलने लगा। इसी बीच मंगला चरण पाण्डेय ने रजत पाण्डेय के सीने पर गोली मार दी, इसके अलावा विशाल पाण्डेय  पुत्र जितेन्द्र पाण्डेय और उसका भाई शानू पाण्डेय गोली लगने से बुरी तरह ज़ख्मी हो गया।

इसका पता होते ही वहां आस-पास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वारदात को ले कर गुस्साई भीड़ ने वहां खड़ी बाइक को आग लगा दी।इतना ही नहीं वहां ज़ोरदार तरीके से पत्थरबाज़ी की। गोली लगने से ज़ख्मी हुए शानू पाण्डेय और विशाल पाण्डेय को लखनऊ मेडिकल कालेज के लिए रिफर कर दिया गया है। इसका पता होते ही सीओ सण्डीला और पुलिस महकमें के अफसर मौके पर पहुंचने लगे हैं। मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।