नैनीताल: सरोवर नगरी का जलस्तर बढ़ने से पानी में डूबीं नावें

नैनीताल, अमृत विचार। मौसम विभाग के हाई अलर्ट के बाद सरोवर नगरी में शनिवार को भी दिन भर बारिश होती रही। इससे नगर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने अलर्ट के चलते जनपद के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया था, लेकिन कार्यालय पहुंचने वाले लोगों व सैलानियों को काफी …
नैनीताल, अमृत विचार। मौसम विभाग के हाई अलर्ट के बाद सरोवर नगरी में शनिवार को भी दिन भर बारिश होती रही। इससे नगर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने अलर्ट के चलते जनपद के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया था, लेकिन कार्यालय पहुंचने वाले लोगों व सैलानियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। नैनीझील का स्तर भी खतरे के निशान के पास पहुंच चुका है। झील में खड़ी नौकायें भी पानी में डूब गईं तथा नालों के जरिए काफी मात्रा में कूड़ा झील में समा गया। जगह-जगह सड़कों पर ओवर फ्लो सीवर का पानी बहने लगा। इसके चलते पैदल चलने वालों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
नैनीताल में 30 एमएम बारिश
नैनीताल में बीते 24 घंटों में 30 एमएम बारिश दर्ज की गई है। झील का जलस्तर 11.57 फीट तक पहुंच चुका है, जबकि खतरे का निशान 12 फीट पर होता है। वहीं तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सूने पड़े रहे पर्यटक स्थल
वीकेंड के चलते शनिवार को काफी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचे हुए हैं। दिन भर बारिश के चलते सैलानियों को अपने होटलों में रहने पर मजबूर होना पड़ा। पर्यटकों से खचाखच भरी रहने वाली माल रोड, पंत पार्क, भोटिया मार्किट सहित नैनीझील भी सूनी पड़ी रही। इसके चलते पर्यटन पर आधारित नाव चालक, टैक्सी चालक व पंत पार्क में ठेली रेहड़ी लगाने वाले लोग भी दिन भर बारिश के थमने का इंतजार करते रहे।