पारे में आया उछाल, फिर से पहुंचा 30 पार

हल्द्वानी, अमृत विचार: बारिश और मौसम में बदलाव की वजह से पारे में आई गिरावट अब बंद हो गई है। फिर से तापमान में बढ़ोत्तरी शुरू हो गई है। बुधवार को पारा फिर से 30 डिग्री के पार चला गया है। आने वाले दिनों में तापमान में और भी उछाल आएगा।
बुधवार को सुबह से ही धूप खिली रही। दोपहर होने के साथ ही धूप भी काफी तेज गई। अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया है। 17 मार्च को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और 18 मार्च को 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राहत की बात है कि रात के समय अपेक्षाकृत मौसम काफी ठंडा है। इन दिनों न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से तापमान में काफी कमी आई थी लेकिन अब फिर से तापमान में उछाल आ रहा है।
25 मार्च तक पारा 33 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया है। पहाड़ों में हुई बारिश के बाद तापमान में काफी कमी आई थी लेकिन अब तापमान में पहाड़ से लेकर मैदान तक उछाल ही रहा है।
बारिश हो गई तब मिली राहत
हल्द्वानी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 13 से 17 मार्च तक बदला मौसम पूरे राज्य के लिए फायदेमंद रहा है लेकिन नहीं तो जिस तरह से तापमान बढ़ रहा था और अगर बारिश नहीं होती तो अभी तक पारा काफी ऊपर चढ़ जाता। इससे असमान्य गर्मी पड़ती थी। अब पारे में उछाल आ रहा है लेकिन यह सामान्य गर्मी ही है। मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के अनुसार फिलहाल मैदानी इलाकों में अगले एक सप्ताह तक बारिश होने का अनुमान नहीं है।