रिफिलिंग के दौरान गैस सिलेंडर फटने से युवक घायल, पूछताछ शुरू
किच्छा, अमृत विचार। नगर क्षेत्र में प्रशासन की लापरवाही के चलते अवैध रूप से गैस सिलेंडर में रिफलिंग का अवैध धंधा तेजी से चल रहा है। देर रात अवैध रिफलिंग के दौरान छोटे सिलेंडर में आग लगने के बाद धमाका हो गया। घटना में गैस रिफलिंग कर रहा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। …
किच्छा, अमृत विचार। नगर क्षेत्र में प्रशासन की लापरवाही के चलते अवैध रूप से गैस सिलेंडर में रिफलिंग का अवैध धंधा तेजी से चल रहा है। देर रात अवैध रिफलिंग के दौरान छोटे सिलेंडर में आग लगने के बाद धमाका हो गया। घटना में गैस रिफलिंग कर रहा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इस दौरान मौके पर कई गैस सिलेंडर पड़े हुए थे, उनमें आग नहीं पकड़ने से जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हल्द्वानी मार्ग स्थित एक दुकान पर युवक द्वारा बड़े सिलेंडर से छोटे गैस सिलेंडर में गैस रिफलिंग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई और गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। घटना में गैस रिफलिंग कर रहा ग्राम बंडिया भट्टा, किच्छा निवासी अशोक कुमार बुरी तरह झुलस गया। धमाके के चलते निकट स्थित प्रगति कंप्यूटर सेंटर को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
कंप्यूटर सेंटर के स्वामी एमपी सिंह की सूचना पर एसएसआई राजेश पांडे के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस टीम ने मौके से आठ कॉमर्शियल गैस सिलेंडर सहित पांच किलो वजन के दो गैस सिलेंडर कब्जे में लिए। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार मान सिंह की दूसरी दुकान देवभूमि जनसेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि मान सिंह द्वारा देवभूमि जनसेवा केंद्र के नाम से राजशीला इंडेन गैस सर्विस का एलपीजी गैस सेवा केंद्र का संचालन किया जा रहा था।
मामला जानकारी में आने के बाद पुलिस ने सेवा केंद्र पर ताला लगाकर कार्यवाही शुरू कर दी। गैस सिलेंडर फटने के बाद आरोपी दुकान स्वामी मान सिंह मौके से फरार हो गया। इधर पूरे मामले में पूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में नजर आ रही है। अवैध रूप से गैस रिफलिंग का मामला सामने आने के बाद भी खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा अभी तक किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है, जिससे साफ प्रतीत हो रहा है कि विभाग की लापरवाही के चलते गैस रिफलिंग के कार्य में लिप्त लोगों द्वारा खुलेआम अवैध धंधे को अंजाम दिया जा रहा है।