साक्षात्कार : कानपुर सपा विधायक अमिताभ बोले- स्मार्ट सिटी में विकास के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार

साक्षात्कार : कानपुर सपा विधायक अमिताभ बोले- स्मार्ट सिटी में विकास के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर स्मार्ट सिटी मिशन में चयनित है। इसे स्मार्ट शहर बनाने के दावे तो खूब हो रहे हैं, लेकिन ये दावे फलीभूत होते दिख नहीं रहे हैं। आधे घंटे की बारिश में सड़क पर पानी भर जाना, सड़कों पर गड्ढे यहां के लोगों के लिए बड़ी मुसीबत हैं। न तो समय से …

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर स्मार्ट सिटी मिशन में चयनित है। इसे स्मार्ट शहर बनाने के दावे तो खूब हो रहे हैं, लेकिन ये दावे फलीभूत होते दिख नहीं रहे हैं। आधे घंटे की बारिश में सड़क पर पानी भर जाना, सड़कों पर गड्ढे यहां के लोगों के लिए बड़ी मुसीबत हैं। न तो समय से पानी की आपूर्ति होती है और न ही सड़कों से कूड़ा उठता है। सीवर लाइन कब ओवरफ्लो हो जाए कोई नहीं जानता। ऐसे में विपक्ष के विधायक के रूप में इन मुद्दों के समाधान के लिए अब तक क्या प्रयास किया। इस विषय पर सपा से आर्यनगर के विधायक अमिताभ वाजपेयी से बात की अमृत विचार संवाददाता ने । पेश है अंश…

पहला सवाल स्मार्ट सिटी मिशन में हो रहे कार्यों से आप कितने संतुष्ट हैं ?

जवाब : स्मार्ट सिटी मिशन के कार्यों में सिर्फ भ्रष्टाचार हो रहा है। लाल इमली, कोतवाली भवन में फसाड लाइट लगाने के नाम पर साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए गए। जब शहर में पीने के पानी, जलभराव की समस्या बड़ी है तो फिर इन फसाड लाइटिंग का क्या मतलब। नानाराव पार्क हो या मोतीझील हर जगह सिंथेटिक ट्रैक के नाम पर धन की बंदरबांट हुई है।

सवाल : केडीए प्रबंधन जिला पंचायत द्वारा पास नक्शों को नजरअंदाज कर रहा है आखिर क्यों ?

जवाब: केडीए की ओर से विकास क्षेत्र के बाहर जाकर कई जगहों पर टाउनशिप को तोड़ा गया। लोगों को नोटिस दी गई। इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया था। मुख्यमंत्री के जवाब के बाद से केडीए ने विकास क्षेत्र के बाहर जाकर किसी टाउनशिप को नहीं तोड़ा है। यदि जिला पंचायत द्वारा पास नक्शे के आधार पर बने किसी भवन या टाउनशिप पर बुल्डोजर चलेगा तो आंदोलन जरूर करेंगे। जनता के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।

सवाल : विकास कार्यों से आप कितने संतुष्ट हैं ?

जवाब : विकास हो कहां रहा है। जब विकास होता तब तो संतुष्ट होता। शहर में विकास भ्रमित हो गया है। भाजपा के साथ विधायक, दो और एक महापौर यहां हैं। बिल्हौर क्षेत्र भी भाजपा के सांसद हैं। कोई बताए कि उनके द्वारा क्या काम किया जा रहा है। सपा सरकार में जो कार्य हुए थे वही काम चल रहे हैं। टूटी सड़कें गड्ढा मुक्त सड़क के दावे की पोल खोल रही हैं। विधायकों की बातें सुनी ही नहीं जा रही है। काम तो अधिकारी अपने मन से कर रहे हैं। मोतीझील में बने सिंथेटिक ट्रैक को देख लें कितना घटिया काम हुआ है। नानाराव पार्क में साइकिल ट्रैक के नाम पर धन की बर्बादी की गई है।

सवाल :आर्यनगर क्षेत्र में जाम बड़ी समस्या है समाधान कब होगा ?

जवाब: सेंट्रल स्टेशन से झकरकटी, परेड से घंटाघर समेत कई एलीवेटेड रोड बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार कराए थे, लेकिन हमारी सरकार न होने से उन प्रस्तावों पर अमल नहीं हो पाया। हमने हार नहीं मानी है। लगातार प्रयास चल रहा है। वीआईपी रोड पर भी एलीवेटेड बननी है। सपा सरकार में प्रस्ताव बना था। जाम के निदान के लिए एलीवेटेड रोड बने इसका मुद्दा सदन में उठाऊंगा। मुझे विश्वास है कि हमारी मांग पूरी होगी और एलीवेटेड रोड बनने से जाम से लाखों लोगों को निजात मिलेगी।

सवाल: पीने के पानी में यूरेनियम मिला पर प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है ?

जवाब: यूरेनियम पानी में मिलने की जानकारी हुई है। विधानसभा में यह मुद्दा उठाऊंगा। यूरेनियम मिलना कोई सामान्य बात नहीं है। इससे लोगों की किडनी, लीवर पर गंभीर असर पड़ रहा होगा। न तो सरकार इसके प्रति संवेदनशील है और न ही यहां सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी। जनता को उनके हाल पर नहीं छोड़ सकता हूं। उनके हित के लिए जो भी बनेगा करूंगा। जलकल महाप्रबंधक से इसकी रिपोर्ट लेकर शासन में भी बात करूंगा।

सवाल: नगर निगम चुनाव की तैयारी कितनी है ?

जवाब: नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर हाल ही में पार्टी बैठक हुई थी। महापौर पद के लिए कुछ नामों पर चर्चा हुई है। हालांकि जब तक आरक्षण घोषित नहीं हो जाता है तब तक किसी नाम पर अंतिम मोहर नहीं लग सकती है। आरक्षण का इंतजार है। सरकार को समय से चुनाव कराना चाहिए। यदि नहीं कराती है तो माना जाएगा कि उसके कुछ काम अधूरे हैं जो वह करना चाहती है।

यह भी पढ़ें:- साक्षात्कार: अमृत विचार से बोले सांसद पचौरी, 25 करोड़ से तैयार होगा बाबा आनंदेश्वर धाम कॉरिडोर

ताजा समाचार