Bareilly: 15 गांवों को बाढ़ से बचाने की तैयारी...22.22 करोड़ रुपये स्वीकृत

नदियों के किनारे कटान निरोधक बोल्डर स्पर निर्माण, बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे

Bareilly: 15 गांवों को बाढ़ से बचाने की तैयारी...22.22 करोड़ रुपये स्वीकृत
प्रतीकात्मक फोटो

बरेली, अमृत विचार। रामगंगा, दोजोरो, देवहा नदियों से करीब 15 गांवों को खतरा है। ये गांव नदियों के किनारे बसे हैं। इन गांवों के बचाने के लिए तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। बाढ़ खंड के प्रस्ताव पर शासन ने इन नदियों के किनारे कटान निरोधक, बोल्डर स्पर निर्माण, बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य कराने के लिए 22.22 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें से 7.40 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए हैं। बाढ़ खंड विभाग ने कार्य कराने के लिए टेंडर की प्रकिया शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की स्थायी संचालन समिति की 59वीं बैठक 7 जनवरी को लखनऊ में हुई थी। बैठक के मिनट्स के अनुसार बाढ़ खंड विभाग ने जनपद बरेली की कई नदियों की बाढ़ से गांवों को बचाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर आगणन सहित शासन को भेजा था। 19 मार्च को उप सचिव आलोक कुमार द्विवेदी ने नाबार्ड पोषित मद के तहत नई परियोजनाओं की स्वीकृति दी है। आलोक द्विवेदी के पत्र के अनुसार बरेली में रामगंगा नदी के दायें किनारे पर भगवानपुर रुकमपुर तटबंध के 2.990 किलोमीटर से 3.490 किलोमीटर पर कटान रोधी कार्य 465.27 लाख रुपये से होना है। इसके लिए 155.07 लाख रुपये जारी किए हैं।

पूर्वीगंगा के तहत दोजोरो नदी के दायें किनारे पर ग्राम करनपुर, गहबरा, बिहारीपुर आदि की सुरक्षा के लिए कटान निरोधक कार्य 498.91 लाख से होगा। 166.28 लाख जारी हुए हैं। देवहा नदी के दायें किनारे पर ग्राम इनौनिया मोहनपुर एवं इरादत नगर आदि की सुरक्षा के लिए कटान रोधी कार्य 141.28 लाख से होगा। 47.08 लाख जारी हुए हैं। रामगंगा के दायें किनारे स्थित ग्राम गुजराही, ऐंठपुर, रम्पुरा इनायतपुर, गोठा आदि की सुरक्षा के लिए दो बोल्डर स्पर का निर्माण 559.65 लाख से होगा। 186.53 लाख जारी हुए हैं। बहगुल नदी के किनारे ग्राम सैदपुर, पचौमी, भगवानपुर फुलवा आदि की बाढ़ सुरक्षा का कार्य 354.42 लाख रुपये में होगा। 118.13 लाख रुपये जारी हुए। रामगंगा नदी के बायें स्थित गोविंदपुर एवं तोमड़िया आदि में बाढ़ सुरक्षा परियोजना कार्य 203.27 लाख से होगा। 67.15 लाख रुपये जारी हुए हैं।

ये गांव आते हैं बाढ़ की चपेट में
बरसात के दिनों में नदियों में आने वाली बाढ़ से ग्राम करनपुर, गहबरा, बिहारीपुर, ग्राम इनौनिया मोहनपुर एवं इरादत नगर, ग्राम गुजराही, ऐंठपुर, रम्पुरा इनायतपुर, गोठा, ग्राम सैदपुर, पचौमी, भगवानपुर फुलवा, गोविंदपुर एवं तोमड़िया आदि गांव बाढ़ से घिर जाते हैं।

पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी होंगे बाढ़ नियंत्रण कार्य
जनपद पीलीभीत में शारदा नदी के दायें तट पर स्थित सनेढ़ी तटबंध पर पूर्व निर्मित स्पर संख्या 5, 6 एवं 8 की लॉचिंग एप्रन की पुर्नस्थापना तथा स्पर संख्या 4 से 9 के मध्य परक्यूपाइन लगाने का कार्य 538.80 लाख से होना है। 188.8 लाख जारी किए हैं। इसी क्षेत्र में पूर्व निर्मित स्पर संख्या 20 एवं 21 की पुर्नस्थापना तथा स्पर संख्या 20 व 21 के मध्य परक्यूपाइन लगाने का कार्य 426.59 लाख से होना है। 149.30 लाख जारी हुए हैं। स्पर संख्या 22, 23 की पुर्नस्थापना, स्पर संख्या 22 से 24 के मध्य परक्यूपाइन लगाने का कार्य 546.42 लाख से होना है।

191.25 लाख रुपये जारी हुए हैं। स्पर संख्या 25 एवं 26 की पुर्नस्थापना तथा स्पर संख्या 25 से 26 के मध्य परक्यूपाइन लगाने का कार्य 491.15 लाख से होना है। 171.90 लाख जारी हुआ है। इसी तरह पीलीभीत के दूनी बैराज के अपस्ट्रीम में देवहा नदी के दायें तट पर क्षतिग्रस्त स्परों की पुर्नस्थापना एवं उनके मध्य बैंक रिवेटमेंट व परक्यूपाइन लगाने का कार्य 648.57 लाख रुपये से होना है। 227 लाख रुपये जारी हुए। वहीं, जनपद शाहजहांपुर की गर्रा नदी के दायें तट पर स्थित मोहल्ला अजीजगंज की सुरक्षा के लिए अजीजगंज बांध पर निर्मित छह स्टड का नवीनीकरण 509.53 लाख रुपये से होना है।

ये भी पढ़ें - Bareilly: रोजगार सेवकों के ईपीएफ में देरी...मनरेगा पर 70 लाख जुर्माना