संभल : भाजपा नेता की हत्या में ब्लॉक प्रमुख समेत चार नामजद, बाइक सवारों ने घर में घुसकर लगाया था जहरीला इंजेक्शन

संभल : भाजपा नेता की हत्या में ब्लॉक प्रमुख समेत चार नामजद, बाइक सवारों ने घर में घुसकर लगाया था जहरीला इंजेक्शन

संभल। संभल जिले के जुनावई क्षेत्र के गांव दबथरा हिमंचल में घर में घुसकर भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या के मामले में उनके बेटे ने जुनावई के मौजूदा ब्लॉक प्रमुख रवि यादव सहित चार को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं भाजपा नेता के शव के पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी तो बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। उनकी अंतिम यात्रा में तमाम भाजपा, आरएसएस के नेताओं समेत लोगों का जनसैलाब उमड़ा। राजघाट गंगाघाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

थाना जुनावई क्षेत्र के गांव दबथरा हिमंचल में सोमवार को दोपहर भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव घर में पशुबाड़े में बैठे थे। तभी बाइक सवारों ने पहुंचकर भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव को जहरीला इंजेक्शन लगाया और भाग निकले थे। हालत बिगड़ने पर भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाते वक्त मौत हो गई थी। जिसकी जानकारी होने पर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इस मामले में भाजपा नेता के बेटे दिव्य प्रकाश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा है कि योजनाबद्ध तरीके से धर्मवीर उर्फ धम्मा पुत्र मोहन सिंह निवासी मैढ़ोली व दो अन्य लोग अपाचे बाइक से घर पहुंचे और घेर में अंदर घुसकर गुलफाम सिंह यादव को जबरदस्ती पकड़कर पेट में विषैला इंजेक्शन ठोक दिया। 

शोर मचाने पर गांव के ही प्रेमपाल व राजाराम मौके पर पहुंचे और आरोपियों को ललकारा। तीनों आरोपी अवैध असलहा लहराते हुए बाइक से भाग गए। आरोपी मौके से हेलमेट व सीरिंज छोड़कर यह कहते हुए भागे कि हमारे प्रमुख रवि यादव, डॉ.मुकेश यादव, महेश यादव को बहुत परेशान करता था। आज हमने इसका किस्सा काट दिया। परिजन गुलफाम सिंह यादव को जुनावई डॉक्टर के पास ले गए। वहां से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले गए। वीरेश यादव के फोन से गुलफाम सिंह यादव से अंतिम वार्ता हुई तो उन्होंने घटना की जानकारी दी। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर गुलफाम सिंह यादव ने दम तोड़ दिया। दिव्य प्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने धर्मवीर उर्फ धम्मा निवासी मैढोली, ब्लॉक प्रमुख रवि यादव निवासी मैढोली, डॉ. मुकेश यादव निवासी दबथरा श्याम, महेश यादव निवासी मैढोली और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

गुलफाम सिंह को भाजपा के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
दिवंगत भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव का मंगलवार को राजघाट गंगा तट स्थित शांति उपवन में अंतिम संस्कार कर दिया गया। चिता को मुखाग्नि उनके कनिष्ठ पुत्र विकास ने दी। उनकी अंतिम यात्रा में राजनीतिक हस्तियों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे। भाजपा नेता गुलफाम सिह यादव का शव सोमवार को देर रात पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक गांव दबथरा हिमंचल लाया गया। मंगलवार को सुबह से ही तमाम ग्रामीण और राजनीतिक नेता उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, पूर्व सांसद सतपाल सैनी, बदायूं की पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्या, बदायूं के सदर विधायक महेश गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह उर्फ रिंकू, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, पूर्व मंत्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव, समाजवादी पार्टी के विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव, नगर पंचायत चेयरमैन हर्ष वर्धन वार्ष्णेय, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शिखर गोयल, समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। 

पैतृक गांव दबथरा हिमंचल से जुनावई तक अंतिम यात्रा पैदल शुरू हुई। जिसमें नेताओं के अलावा लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जुनावई से वाहनों द्वारा 15 किमी का सफर तय कर राजघाट तक अंतिम यात्रा को पहुंचने में ही ढाई घंटे का वक्त लग गया। अंतिम यात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अनुषांगिक संगठनों के तमाम बड़े पदाधिकारी भी रहे। दोपहर करीब 1.30 बजे राजघाट गंगा घाट स्थित शांति उपवन में अंतिम संस्कार हुआ। कनिष्ठ पुत्र विकास ने चिता को मुखाग्नि दी। भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। नेताओं ने उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना देकर ढांढस बंधाई।

पोस्टमार्टम में मौत की वजह नहीं हुई साफ, बिसरा सुरक्षित
अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में इलाज से पहले ही सोमवार को भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की मौत हो गई थी। अलीगढ़ में ही देर रात दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। हालांकि पोस्टमार्टम में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मौत की वजह क्या रही। ऐसे में बिसरा सुरक्षित कर लिया गया। बिसरा को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

ये भी पढे़ं : संभल : भाजपा नेता की जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या

ताजा समाचार

कासगंज : पटियाली के हथौड़ा खेड़ा में मकान के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट
मलिहाबाद महिला हत्याकांड : मुख्य आरोपी पुलिस एनकांउटर में ढ़ेर, एक लाख रुपये का था इनामिया हिस्ट्रीशीटर
Kanpur में ट्रेन के आगे कूदा युवक, मौत: 2 दिन पहले भाभी ने घर पर लगाई थी फांसी, परिजन बोले- सदमे में था, जानिए पूरा मामला
Hardoi News : सीतापुर से चोरी हुआ था बच्चा, हरदोई पुलिस ने आंध्र प्रदेश से किया बरामद
बच्चों में पेट दर्द की बढ़ती समस्या, जांच में बीमारी का नहीं चलता पता, SGPGI के डॉ. अजय ने बताई वजह
प्रयागराज : संविदात्मक विवाद में दाखिल रिट याचिका में नए अधिकारों की मांग स्वीकार्य नहीं