पीलीभीत: मंडी से बाहर कर रहे थे धान की अवैध खरीद-फरोख्त, जानिए क्या हुई कार्रवाई

पीलीभीत: मंडी से बाहर कर रहे थे धान की अवैध खरीद-फरोख्त, जानिए क्या हुई कार्रवाई

पीलीभीत, अमृत विचार। मंडी के बाहर धान की अवैध तरीके से खरीद-फरोख्त करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। मंडी समिति की टीम ने धान की अवैध तरीके से खरीद फरोख्त करने वाले तीन लोगों से 84887 रुपये का जुर्माना वसूला है।

जनपद में बीते एक अक्टूबर से खरीद शुरू हो चुकी है। यह दीगर बात है कि सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद तेजी नहीं पकड़ पा रही है। इधर लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद करने का अफसरों ने दौड़ भाग करनी शुरू कर दी है। वहीं धान के अवैध भंडारण और खरीद-फरोख्त करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंडी सचिव सुभाष सिंह के निर्देश पर मंडी की बी टीम ने मंडी निरीक्षण जहीर मलिक के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टीम ने अमरिया एवं सदर क्षेत्र में धान से भरे वाहनों की पड़ताल की। धान से जुड़े कागजात मांगे गए, लेकिन किसी ने भी कोई भी कागजात न होने की बात कही। पड़ताल के दौरान मामला धान की अवैध फरोख्त का पाया गया। अलग-अलग वाहनों पर करीब 208 क्विंटल धान पाया गया। इस पर टीम ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दिलशाद, मूलचंद समेत तीन लोगों से 84,887 रुपये का जुर्माना वसूला है। टीम में मंडी निरीक्षक के अलावा राजेंद्र कुमार, निखिल कुमार आदि शामिल रहे।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: दीपावली के मद्देनजर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अलर्ट..उल्लू का शिकार रोकने को अफसर-वनकर्मी करेंगे निगरानी