बदायूं : मुजरिया के मेला में झूले की पालकी टूटी, नीचे गिरकर छह घायल

घटना के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी, घायलों को अस्पताल में किया गया भर्ती

बदायूं : मुजरिया के मेला में झूले की पालकी टूटी, नीचे गिरकर छह घायल

बदायूं, अमृत विचार। मुजरिया कस्बा में चल रही रामलीला मैदान में लगे मेले में शनिवार रात एक झूला की पालकी अचानक नीचे गिर गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पांच युवक और किशोर घायल हो गए घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। दो किशोर की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद से झूला संचालक फरार है। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने घायलों के परिजनों को हरसंभव मदद की सांत्वना दी।

कस्बा मुजरिया के कृषि इंटर कालेज में रामलीला चल रही है। साथ ही मेला लगा हुआ है। लोग मेला का आंनद ले रहे थे। शनिवार रात कोई खरीदारी कर रहा था तो कोई चाट खा रहा था। कुछ युवक और किशोर झूला झूल रहे थे। झूले की पालकी तेज चल रही थी। इसी दौरान 20 मीटर ऊंचे झूले की सात नंबर की पालकी टूटकर नीचे गिर गई और दूसरी पालकी से टकराकर जमीन पर गिर गई। गनीमत रही कि दूसरी पालकी नहीं टूटी। पालकी में बैठे गांव जीजाहट निवासी निशांत (17) पुत्र मूलचंद, अवधेश यादव (18) पुत्र अशोक कुमार, अर्जुन (16) पुत्र विद्याराम, विकास (15) पुत्र सुखवीर, गांव मटकुली निवासी एक अन्य किशोर जमीन पर जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोग बचाव के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। घायलों को रात में ही जिला अस्पताल ले जाया गया। अवधेश और गांव मटकुली के किशोर की तबीयत खराब होने पर अवधेश को शहर के एक निजी अस्पताल और किशोर को बरेली के अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि झूले का ढांचा जर्जर हालत में था। इसके बाद भी संचालक झूला चला रहा था।

ये भी पढ़ें - बदायूं : सड़क हादसों में संभल, सहारनपुर निवासी दो लोगों की मौत, तीन घायल