संभल: दिवाली मनाने जा रहे मजदूरों से भरा टेंपो पलटा, महिलाओं व बच्चों समेत 10 घायल

बंदर के टेंपो के सामने आने से हुआ हादसा ,दो की हालत गंभीर

संभल: दिवाली मनाने जा रहे मजदूरों से भरा टेंपो पलटा, महिलाओं व बच्चों समेत 10 घायल

गुन्नौर/संभल, अमृत विचार। दिवाली मनाने नोएडा से बदायूं अपने घर लौट रहे मजदूरों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में महिलाओं, बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए। हादसा टेंपो के आगे अचानक बंदर आने से हुआ। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है।

बदायूं जनपद के थाना मूसाझाग के गांव मोहमनाबाद सुलेपुरा निवासी कुछ परिवार नोएडा के झुण्डपुरा इलाके में रहकर मजदूरी करते हैं। दीपावली का पर्व मनाने के लिए बनवारी आदि के परिवार के लोग शुक्रवार को देर रात टेंपो में सवार हो कर गांव लौटने लगे। शनिवार को सुबह छह बजे मजदूरों से भरा टेंपो गुन्नौर कस्बे में स्टेट हाईवे पर जुलेपुरा पुलिया पर पहुंचा, तभी उछलकूद करता एक बंदर टेंपो के सामने आ गया। टेंपो के आगे सड़क पर अचानक बंदर देख चालक मुकेश नियंत्रण खो बैठा और टेंपो असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में बदायूं के मूसाझाग निवासी बनवारी (32) पुत्र ब्रजनंदन, ममता (30) पत्नी बनवारी, रविकान्त (11) व आदर्श (13) पुत्र बनवारी, महेंद्र (35) पुत्र भगवानदास,  भाग्यश्री (13) पुत्री महेन्द्र, शीतल (30) पत्नी श्याम सिंह, अभिषेक (11) पुत्र श्याम सिंह और अमृता (7) पुत्री श्याम सिंह घायल हो गए। हादसे में बरेली जिले के टांडा (आंवला) निवासी चालक मुकेश पुत्र चेतराम भी घायल हो गया। घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकिशोर ने बताया कि महेंद्र और अभिषेक की हालत नाजुक देख बदायूं मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

ये भी पढ़ें - संभल: बहजोई में डिप्थीरिया से पीड़ित मिला किशोर, सर्वे में लगाईं 27 टीमें