कानपुर में पांडु नदी में मिला महिला का शव...हत्या की आशंका, शरीर पर मिले चोट के निशान

गुजैनी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की मामले की जांच

कानपुर में पांडु नदी में मिला महिला का शव...हत्या की आशंका, शरीर पर मिले चोट के निशान

कानपुर, अमृत विचार। गुजैनी थानाक्षेत्र में रविवार सुबह बनपुरवा स्थित पांडु नदी में महिला का शव पड़ा मिला। शरीर पर चोटों के निशान देखकर हत्या की आशंका जाहिर की जा रही है। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। फोरेंसिक ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाया। पुलिस ने शिनाख्त के लिए कानपुर के सभी थानों और आसपास के जिलों और सोशल मीडिया में भी संपर्क किया है।

एसीपी नौबस्ता मंजय सिंह ने बताया कि रविवार सुबह गुजैनी क्षेत्र के पांडु नदी पुल के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मामले की जानकारी मिलते ही गुजैनी थाने की पुलिस जांच करने मौके पर पहुंची। महिला के शव निकलवाया गया। आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की गई लेकिन कोई पहचान नहीं सका। उनका कहना था कि जो भी होगा पोस्टमार्टम होने के बाद स्पष्ट हो सकेगा। 

वहीं पांडु नदी के पास रहने वाले लोगों का कहना था कि महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिसके चलते हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर गहनता से जांच कर साक्ष्य एकत्र किया। उन लोगों का कहना था कि जानवरों के शव को खाने के कारण शव क्षतविक्षत भी हो गया है। 

शव लगभग दो दिन पुराना लग रहा है। एसीपी ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए कमिश्नरेट के सभी थानों और आसपास के जिलों में महिला की तस्वीर साझा कर दी गई है। साथ ही सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। 

सीटीआई नहर में मिला युवक का शव

गोविंद नगर थानाक्षेत्र में सीटीआई नहरिया निवासी 25 वर्षीय सुनील कुमार का संदिग्ध परिस्थितियों में शव नहर में पड़ा मिला। भाई सुशील ने बताया कि वह बड़े थे, उन्हें मिर्गी की समस्या थी। उनका इलाज लगातार चल रहा था। रात में अक्सर वह नहर के पास टहलने निकल जाते थे। शनिवार रात में भी वह निकल गया। 

इसके बाद वह वापस ही नहीं आया। रातभर उसकी तलाश की गई लेकिन कुछ नहीं पता चला। रविवार सुबह इलाकाई लोगों ने शोर मचाते हुए नहर में सुनील का शव पड़ा होने की जानकारी दी। वह लोग मौके पर पहुंचे और शिनाख्त की। गोविंद नगर पुलिस और फोरेंसिक मौके पर पहुंची और जांच की। 

ये भी पढ़ें- कानपुर के नयागंज किराना बाजार में पांच लाख की चोरी: एसीपी ऑफिस और थाने से महज कुछ दूरी पर हुई घटना, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों में आक्रोश