सुलतानपुर : सड़क हादसे में एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल 

सुलतानपुर : सड़क हादसे में एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल 
आकाश सिंह (फाइल फोटो)

सुलतानपुर , अमृत विचार। शनिवार की रात लखनऊ बलिया राजमार्ग पर अलग अलग स्थानों पर हुई तीन सड़क दुर्घटना में जहां एक मर्चेंट नेवी कर्मी की मौत हो गई, वहीं सड़क हादसे में प्रधान सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल है। जिनको स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस कर्मियों ने अस्पताल भिजवाया है।

पहली सड़क दुर्घटना लखनऊ बलिया राजमार्ग पर महादेवपुर के पास की है। गोसाईगंज थानाक्षेत्र कर्ता का पुरवा सुरौली निवासी आकाश सिंह (28) पुत्र संजय सिंह मर्चेंट नेवी में नौकरी करते थे। उनकी शादी 25 नवंबर को होनी थी। जिसके लिए वह दो महीने की छुट्टी लेकर दस दिन पहले घर आया हुआ था। शनिवार शाम करीब सात बजे वह सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहा था कि अज्ञात वाहन ने उसे और एक साइकिल सवार  को टक्कर मार दिया। जिसकी चपेट में आने से आकाश सिंह और माधवपुर छतौना निवासी साइकिल सवार श्यामलाल (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको आनन-फानन में मेडिकल कालेज सुलतानपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने आकाश सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल श्यामलाल का पैर टूटा है। जिसका इलाज सुलतानपुर मेडिकल कालेज में चल रहा है। 

वहीं आकाश की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। आकाश तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। दूसरी सड़क दुर्घटना रात नौ बजे हयातनगर के पास की है। थाना क्षेत्र सरवन गांव के प्रधान छोटू कोरी बाइक से घर लौट रहा था। वह हयातनगर के पास पहुंचा था कि अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप घायल हो गया। सरवन गांव के प्रधान प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घायल का पैर टूटा है, साथ में सिर में भी चोट आई है। प्रधान का इलाज सुलतानपुर स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। 

तीसरी सड़क दुर्घटना बरौंसा के पास की है। शनिवार रात को गभड़िया निवासी सुधीर दुबे बाइक से अपने घर सुलतानपुर की ओर जा रहा था। वह जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौंसा नहरी के पास पहुंचा था कि अनियंत्रित होकर बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंचे बरौंसा चौकी इंचार्ज धमेंद्र मिश्रा ने घायल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया है। गोसाईगंज थानाध्यक्ष प्रेमचंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Sultanpur : मोरंग मंडी में दबंगों ने ट्रक मालिक से की मारपीट, प्राथमिकी