हल्द्वानी: बारिश के बाद मैदान से पहाड़ तक चढ़ा पारा

हल्द्वानी: बारिश के बाद मैदान से पहाड़ तक चढ़ा पारा

हल्द्वानी, अमृत विचार। बारिश के बाद मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ तक तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है।

हल्द्वानी में इन दिनों अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पास चल रहा है। यह सामान्य ये 2.5 डिग्री ज्यादा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय उमस भरी गर्मी पड़ रही है। पिछले एक सप्ताह पहले जहां तापमान गिरने से घरों में पंखे बंद हो गए थे। वहीं अब फिर से एसी व कूलर चलाने की नौबत आ गई है।

यही नहीं मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। अल्मोड़ा में भी पारा 33.7 डिग्री तक पहुंच गया है। पहाड़ों में रात के समय गर्मी से काफी राहत है, लेकिन दिन के समय चटक धूप पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले सात दिनों से बारिश रूक गई है।

विगत दिनों हुई बारिश के बाद मौसम साफ हो रहा है। इसलिए धूप काफी तेज निकल रही है। अनुमान है कि 25 सितंबर से बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के अनुसार अब कुछ दिनों बाद मानसून की विदाई हो जाएगी। अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह के बाद से दिन और रात के तापमान में गिरावट आने लगेगी। तब तक दिन के समय गर्मी बढ़ी रहेगी।

हल्द्वानी में इस तरह उछला तापमान
17 सितंबर-31.5 डिग्री
18 सितंबर-28.8 डिग्री
19 सितंबर-33.5 डिग्री
20 सितंबर-34.5 डिग्री
21 सितंबर-35.0 डिग्री
22 सितंबर-35.1 डिग्री

ताजा समाचार