संभल : दादी की गोद से दो माह के शिशु को छीन ले गया जंगली जानवर, जानिए फिर क्या हुआ?

दीवार फांदते समय छिटकर नीचे गिरा, बच्चा मामूली रूप से चोटिल,  घटना की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम, लगाया कैमरा 

संभल : दादी की गोद से दो माह के शिशु को छीन ले गया जंगली जानवर, जानिए फिर क्या हुआ?

दादी कुसमा की गोद में दो माह का प्रियांश...दीवार पर लगे जंगली जानवर के पंजों के निशान।

चन्दौसी/कुढ़फतेहगढ़/अमृत विचार। कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव दियौरा खास के मझरा मिलक में रविवार की रात तीन बजे जंगली जानवर दादी की गोद से दो माह के शिशु को मुंह में दबाकर ले गया लेकिन मकान की दीवार फांदते समय बच्चा जानवर के मुंह से छिटक गया। शोर शराबा होने पर जानवर भाग गया। जबकि बच्चा मामूली रूप से चोटिल हो गया। घटना से ग्रामीणों में दहशत  है। वन विभाग की टीम ग्रामीण के घर पहुंची और गांव में सीसीटीवी कैमरा लगाया है। 

रविवार की रात गांव दियौरा खास के मझरा मिलक निवासी महिला कुसम पत्नी रामवीर यादव घर के बरामदे में अपने दो माह के पौत्र प्रियांश पुत्र राहुल के साथ सो रही थी। प्रियांश की मां विनीता और अन्य परिजन भी आसपास सोए थे। रात तीन बजे बच्चा रोने लगा तो दादी उसे गोद में लेकर चुप करा रही थी। तभी अचानक जंगली जानवर घर की दीवार फांद आया और महिला की गोद से बच्चे को छीन लिया और मुंह में दबाकर ले जाने लगा। महिला शोर मचाते हुए जानवर के पीछे-दौड़ी।

आनन-फानन में जानवर ने मकान की दीवार फांदने का प्रयास किया। इस बीच बच्चा जंगली जानवर के मुंहसे छिटक कर गिर गया, जिसे महिला ने उठा लिया। तब तक घर के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचे। मां विनीता ने बच्चे के शरीर पर देखा तो मामूली चोट आई थी। इससे पहले रात ढ़ाई बजे जंगली जानवर गांव में रामनिवास के घर में घुसा था। ग्रामीण ने जब उसे देखा तो पत्थर मार भगा दिया।

घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। महिला कुसमा ने बताया कि जंगली जानवर का मुंह बड़ा था और शरीर कुत्ते जैसा था। ग्रामीणों की सूचना पर सोमवार की दोपहर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और रामवीर यादव से घटना के बारे में जानकारी की। टीम ने ग्रामीण के घर के बाहर विद्युत पोल पर सीसीटीवी कैमरा लगाया है। टीम में उप वन क्षेत्राधिकारी फारुख अहमद, दरोगा विकास नेगी, विजय पाल, दाताराम आदि शामिल रहे। 

ग्रामीण रात के समय घर के बाहर अकेले न जाएं। जाना जरूरी हो तो समूह बनाकर जाएं। हाथ में लाठी-डंडे लेकर बाहर निकलें। छोटे बच्चों के साथ घर के बाहर न सोएं। जंगली जानवर के दिखाई देने पर वन विभाग को सूचित करें। -फारुख अहमद, उप वन क्षेत्राधिकारी

ये भी पढ़ें : संभल हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा : भाई बोला-बदनामी करा रही थी इसलिए कर दी बहन की हत्या