कासगंज: अंधेरा फीका करेगा गणेश महोत्सव का उल्लास, खराब पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें

श्रद्धालुओ में दिखाई दे रहा है आक्रोश, जिम्मेदार बेखबर

कासगंज: अंधेरा फीका करेगा गणेश महोत्सव का उल्लास, खराब पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें

गंजडुंडवारा, अमृत विचार। कस्बे में खंबो पर लगी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इधर गणपति महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है, अंधेरे को लेकर कस्बा वासियों में नगर पालिका के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने स्ट्रीट लाइट जल्द ठीक कराये जाने की मांग की है।
 
कस्बे के विभिन्न वार्डो में बने 45 से 50 पंडालो में गणपति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में वृद्ध, महिला, युवा एवं छोटे बच्चे महोत्सव में सम्मिलित होने घर से निकलेंगे। जिसमे अधिकतर वार्डो में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बदहाल होने के कारण सड़कों पर पसरा अंधेरा उनकी परेशानी का सबब बनेगा। वैसे स्ट्रीट लाइटे खराब होने के चलते प्रतिदिन भी कस्बावासी मार्गों पर अंधेरे की समस्या से जूझ ठोकरे खाते है। लेकिन अब यह समस्या गणपति महोत्सव के दौरान हजारों की संख्या मे भक्तो के देर रात तक घरों से निकलने के कारण दुर्घटना का कारण बन सकती है। वहीं अराजकतत्व अंधेरा का फायदा उठा चोरी आदि अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। अब कस्बावासियों ने ईओ सुनील कुमार से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त किए जाने एवं इसके जेनरेटर से शीघ्र संचालन कराए जाने की मांग की है। नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा के ईओ सुनील कुमार ने बताया कि कर्मचारियों को खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द सही कराने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं बजट मिलने पर आवश्यक सामग्री का क्रय कर वार्डो में भी इनके जनरेटर से संचालन कराया जाएगा।

जेनरेटर से नही होता स्ट्रीट लाइट का संचालन
कस्बे में स्ट्रीट लाइट के संचालन के लिए पालिका में अधिक भार के जेनरेटर की उपलब्धता है। लेकिन लाइट जाने पर इसका प्रयोग वार्डों में प्रकाश व्यवस्था के लिए नहीं किया जा रहा है। जनरेटर से केवल कुछ मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट संचालन हो रहा है। जिसके चलते लाइट जाते ही कस्बे मे अंधेरा छा जाता है।

इन वार्डों में हालात ज्याद खराब
जहां मुख्यमार्गों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ध्वस्त है लेकिन वार्ड संख्या 5,14,2,22,13,9 सहित कई वार्डों में हालात ज्यादा बदतर हैं। जिससे वार्ड वासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ताजा समाचार