Kanpur: डिपो में सिटी बसें डंप, परेशान हुईं हजारों बहनें, प्रमुख चौराहे पर लगा रहा सवारियों का जमावड़ा

Kanpur: डिपो में सिटी बसें डंप, परेशान हुईं हजारों बहनें, प्रमुख चौराहे पर लगा रहा सवारियों का जमावड़ा

कानपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों के साथ-साथ ई बसों, सीएनजी सिटी बसों और अनुबंधित बसों में भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा कराने की घोषणा की थी, लेकिन सोमवार को रक्षाबंधन पर महिलाओं की भीड़ घरों से निकली तो चौराहों पर ई-बस तो दूर सीएनजी सिटी बसें भी  नहीं नजर आईं। हजारों महिलाएं घंटों इंतजार करती और बच्चों के साथ भटकती रहीं।    

हर चौराहे पर सवारियों का मेला लगा देखकर अमृत विचार संवाददाता ने सायं 4 बजे फजलगंज सिटी बस डिपो जाकर सच्चाई जानने की कोशिश की तो वहां अधिकांश बसें डंप मिलीं। डिपो में कोई अधिकारी नहीं था। भीतर घुटनों तक पानी भरा था। 

ऐसे में शहरी परिवहन के सहारे त्योहार मनाने निकले लोग जिम्मेदारों की लापरवाही की सजा भुगतते रहे। फजलगंज, जरीबचौकी, पीरोड, घंटाघर, मालरोड, बड़ा चौराहा, नौबस्ता, कर्रही, दबौली, गुजैनी, श्याम नगर, किदवई नगर क्षेत्र में यातायात का साधन नहीं होने से लोग बुरी तरह परेशान रहे। टेंपो, आटो, ई रिक्शा चालकों ने दोगुना किराया वसूला।  

क्या बोले अधिकारी

रक्षाबंधन पर ई-बसों के साथ सीएनजी सिटी बसों को रूट पर लगाया गया। कोई दिक्कत नहीं आई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुफ्त यात्रा की। - डीवी सिंह, निदेशक, कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सविर्सेज लिमिटेड।

यह भी पढ़ें- कानपुर में बसों पर चढ़ने के लिए महिलाओं ने लगाई दौड़; कीचड़ में फिसलकर गिरने से कपड़े खराब