Lucknow News: सीएम आवास के सामने आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला ने तोड़ा दम, KGMU में चल रहा था इलाज

Lucknow News: सीएम आवास के सामने आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला ने तोड़ा दम, KGMU में चल रहा था इलाज

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित सीएम आवास के पास आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला अंजली जाटव जिंदगी की जंग हार गई है। शनिवार रात करीब एक बजे महिला ने केजीएमयू में अंतिम सांस ली है। महिला 90 फीसदी तक जल चुकी थी। महिला की हालत शुरूआत से नाजुक बताई जा रही थी।

अंजली जाटव ने पारिवारिक विवाद के बाद उकसाने पर मंगलवार को सीएम आवास के पास पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया था। राजधानी में सीएम आवास के करीब हुई घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद पूरे प्रदेश में हंगामा मच गया था। 

फोन रिकॉडिंग आई थी सामने

अंजली जाटव को आत्मदाह के लिए उसके वकील ने उकसाया था। इस बात का खुलासा महिला के वकील की फोन रिकॉडिंग सामने आने के बाद पुलिस ने किया था। रिकॉडिंग में वकील महिला को आत्मदाह के लिए उकसा रहा था, महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने के आरोप में वकील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

पेट्रोल पंप की भी जांच शुरू

फोरेंसिक रिपोर्ट में पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात सामने आने के बाद पुलिस पेट्रोल पंप की जानकारी जुटाने में जुट गई। जिसमें गुरुवार को सफलता भी मिल गई। पुरवा कोतवाली के मिर्री चौराहा पर स्थित पेट्रोल पंप से महिला ने पेट्रोल खरीदा था। इसकी फुटेज भी पुलिस को मिल गई है। पुरवा पुलिस पेट्रोल पंप संचालक पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। 

यह था मामला

उन्नाव के पुरवा थानाक्षेत्र के छत्ता खेड़ा गांव में रहने वाली अंजली जाटव पत्नी देशराज को उसके ससुरालीजन मारने पीटने के साथ ही प्रताड़ित करते थे, जिसकी शिकायत अंजलि ने पुरवा पुलिस से की। इधर अंजलि की तहरीर पर पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ित करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। जिसके बाद सोमवार को महिला के पति और देवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। 

इसके बावजूद ससुरालीजन उसे प्रताड़ित कर रहे थे। जिससे परेशान होकर मंगलवार को वह लखनऊ सीएम आवास के बाहर अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर पहुंची। जहां उसने बैग में रखी पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद पर छिड़कने के बाद आग लगा ली। यह देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। आसपास के पुलिसकर्मी जब तक कुछ समझ पाते तब तक महिला बुरी तरह से आग की चपेट में आ गई। 

पुलिसकर्मी महिला को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी तेज थी कि हिम्मत नहीं कर पाए। बमुश्किल पुलिसकर्मियों ने महिला पर कंबल डालकर आग बुझाई। तब तक महिला 70 से 80 पीसदी जल चुकी थी। महिला की आग बुझी तो वह रो-रोकर चिल्लाने लगी। खुद को बचाने की गुहार लगाने लगी। वह बार-बार अपने बच्चे की तरफ देख रही थी। पुलिस तुरंत महिला को सिविल अस्पताल और वहां से केजीएमयू ले गई। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। 

ये भी पढ़ें- Sawan 2024: तीन बार बदलता है शिवलिंग का रंग, क्या आप जानते हैं जंगलेश्वर मंदिर का रहस्य