लखीमपुर खीरी: घर में घुसे बदमाशों ने व्यवसाई की हत्या कर की लूटपाट, जांच में जुटी पुलिस 

थाना संपूर्णानगर के भानपुर खजुरिया में हुई वारदात, जांच में जुटी पुलिस 

लखीमपुर खीरी: घर में घुसे बदमाशों ने व्यवसाई की हत्या कर की लूटपाट, जांच में जुटी पुलिस 

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिले के थाना संपूर्णानगर क्षेत्र के गांव भानपुर खजुरिया में बदमाशों ने शनिवार की रात एक व्यवसाई के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने गमछे व अन्य कपड़ों से व्यापारी के हाथ पैर बांध दिए और उनकी हत्या कर घर में लूटपाट की। सुबह घरेलू काम करने जब नौकरानी पहुंची तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर सीओ संपूर्णानगर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। 

गांव भानपुर खजुरिया निवासी कृष्ण कुमार सेठी उर्फ बबलू सेठी (40) क्षेत्र के प्रमुख व्यवसाई थे। बताया जाता है कि उनका परिवार बाहर रिश्तेदारी में गया हुआ है। वह घर पर अकेले थे। शनिवार की रात किसी समय बदमाश उनके घर में घुस गए और बबलू सेठी को दबोच लिया। उसकी हत्या कर घर में लूटपाट की और भाग निकले। 

घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब घरेलू नौकरानी घर पर काम करने के लिए गई। दरवाजा खुला होने पर वह जब घर के अंदर पहुंची तो सामान बिखरा पड़ा देखा। कमरे में जाकर देखा तो बबलू सेठी मृत अवस्था में बेड पर पड़े थे। उनके हाथ-पैर गमछे व अन्य कपड़ों से बंधे थे। यह देख नौकरानी ने शोर मचाया। शोर सुनकर तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। 

लूटपाट के बाद व्यवसाई की हत्या की खबर से समूचे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पाकर सीओ पलिया, एसओ निराला तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतक व्यापारी की गला दबाकर हत्या किए जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: किशोर ने सात साल की बच्ची से किया दुष्कर्म, घर से अपने बाबा से मिलने जा रही थी मासूम