किच्छा: अवैध संबंधों के शक में पति अशोक ने की गला रेतकर पत्नी पूनम की हत्या, मुकदमा दर्ज

किच्छा: अवैध संबंधों के शक में पति अशोक ने की गला रेतकर पत्नी पूनम की हत्या, मुकदमा दर्ज

किच्छा, अमृत विचार। कोतवाली अंतर्गत क्षेत्र में अवैध संबंधों के शक में पति द्वारा की गई पत्नी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका की माता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि  शनिवार की दोपहर कोतवाली अंतर्गत मंड फॉर्म में अशोक कुमार द्वारा अपनी 30 वर्षीय पत्नी पूनम की  गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।

परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था तथा करीब एक माह पूर्व अशोक द्वारा अपनी पत्नी पूनम के साथ गाली गलौज एवं मारपीट किए जाने के बाद घर से निकाल दिया गया था। घर से निकाले जाने के बाद पूनम महतोष मोड, थाना गदरपुर स्थित मायके में रह रही थी।

अशोक द्वारा लगातार समझौते का दबाव बनाए जाने के बाद उसकी बहन धनवती और जीजा तेजपाल सुलह समझौता कराने के लिए दोनों को किच्छा  कोतवाली अंतर्गत मंड फार्म स्थित अपने आवास पर ले आए थे। शनिवार को बहन और जीजा के काम पर जाने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद अशोक ने गला रेतकर अपनी पत्नी पूनम की हत्या कर दी थी।

घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी पति अशोक को हिरासत में ले लिया था तथा शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पूनम के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस को दी शिकायत में महतोष मोड़, थाना गदरपुर निवासी मृतका पूनम की मां  श्रीमती मुन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय सुखलाल ने बताया कि उसने अपनी पुत्री पूनम उर्फ मीरा की शादी लक्ष्मी विहार कॉलोनी, आजाद नगर, थाना किच्छा निवासी अशोक कुमार पुत्र कन्हई लाल के साथ करीब 8 वर्ष पूर्व की थी। इसके बाद पूनम  ने दो बच्चों को जन्म दिया।

जिसमें 6 वर्ष की माही तथा करीब 3 वर्ष का पुत्र दक्षु है। मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि दामाद अशोक अक्सर पूनम पर शक करता था और आए दिन कहा - सुनी एवं मारपीट होती थी। बताया कि करीब एक माह पूर्व अशोक ने मारपीट करने के बाद पूनम को घर से निकाल दिया था। तब से पूनम मायके में उनके पास रह रही थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि विगत 18 जून को दामाद अशोक उनके घर आया और पूनम को साथ भेजने की जिद करने लगा। इस दौरान अशोक ने पूनम के साथ गाली गलौज तथा मारपीट न करने का भी भरोसा दिलाया था तथा पुत्री का घर बसाने एवं अशोक पर यकीन कर उन्होंने पूनम को उसके साथ भेज दिया।

बताया कि अशोक द्वारा करीब एक सप्ताह पूर्व लक्ष्मी विहार वाला प्लांट बेच दिया गया था। जिस कारण अशोक और उसकी पत्नी पूनम अपने बहनोई तेजपाल के घर मंड फॉर्म में रहने के लिए चले गए थे। मुन्नी देवी ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब 2  बजे तेजपाल ने उन्हें फोन कर बताया कि अशोक ने पूनम की हत्या कर दी है। घटना की सूचना पर जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो पूनम मृत अवस्था में घर पर पड़ी हुई थी। फिलहाल पुलिस ने मृतका  की मां मुन्नी देवी की शिकायत पर हत्या के आरोपी दामाद अशोक कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच एवं कार्रवाई शुरू कर दी है।