Kannauj: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- 'सपा अपराधियों की फैक्ट्री, अखिलेश गुंडों के सरदार'

Kannauj: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- 'सपा अपराधियों की फैक्ट्री, अखिलेश गुंडों के सरदार'

कन्नौज, अमृत विचार। भाजपा सांसद सुब्रत पाठक की नामांकन सभा में प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपराधियों की फैक्ट्री है और उसके मुखिया अखिलेश यादव गुंडो के सरदार हैं। जो व्यक्ति अपने पिता का अपमान कर सकता है, वह किसी दूसरे को क्या सम्मान दे सकता है। वह पीडीए को आगे बढ़ाने की बात करते हैं, जबकि पीडीए का वास्तविक अर्थ है-परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी। 

गुरुवार को शहर के बोर्डिंग मैदान पर हुई नामांकन सभा में डिप्टी सीएम के निशाने पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बाबू कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए अखिलेश यादव को समय नहीं मिला और अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर का आमंत्रण ठुकरा दिया, जबकि माफिया मुख्तार अंसारी की कब्र पर रोने के लिए चले गए। 

उन्होंने पहले भी कहा था कि अखिलेश के तीन यार, आजम, अतीक और मुख्तार। यह बात बिल्कुल सत्य भी निकली। भाजपा सरकार में गुंडे-माफिया या तो प्रदेश छोड़ गए या फिर दुनिया ही छोड़ गए। समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी बनने जा रही है। उन्होंने कसावा के नीरज मिश्रा हत्याकांड व नरुइया के अरुण शाक्य हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इनकी हत्या के जिम्मेदार अखिलेश यादव हैं। 

केशव कन्नौज 2

इस बार कन्नौज की जनता उन्हें दो लाख से अधिक वोटों से हराएगी। इस बार गुंडागर्दी की वापसी नहीं होने वाली। सपा को कन्नौज में कोई प्रत्याशी नहीं मिल रहा था, इसलिए अखिलेश यादव को मैदान में खुद उतरना पड़ा। सपा के पतन की कहानी भी अब यहीं से शुरू होगी। 

चार जून को जब कन्नौज की धरती पर कमल खिलेगा तो वह विजय उत्सव मनाने के लिए आएंगे। इस दौरान समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण, प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी, विधायक अर्चना पांडेय, पूनम शंखवार, कैलाश राजपूत, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह सहित कई नेता उपस्थित रहे।

पीओके में लहराएगा भारत का तिरंगा

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा ने मेरा बूथ-सबसे मजबूत का नारा दिया है। हर बूथ पर 370 वोट दिलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पूरे देश में 370 सीटें दिलाना है। गठबंधन मिलाकर 400 से अधिक सीटें हासिल करना लक्ष्य है। यदि एनडीए 400 से अधिक सीटें लाएगा तो निश्चित ही पाक अधिकृत कश्मीर में भारत का तिरंगा लहराएगा। प्रधानमंत्री का तीसरा कार्यकाल अभूतपूर्व फैसलों का होगा। 

यह भी पढ़ें- Farrukhabad: सपा उम्मीदवार डॉ. नवल किशोर, जिलाध्यक्ष चंद्रपाल समेत 54 पर रिपोर्ट दर्ज, पुलिस से हुई थी नोकझोंक