Lok Sabha Election 2024 : 400 पार का संकल्प साधने को मुरादाबाद मंडल की सीटों पर जीत की चुनौती, 2019 में भाजपा का था सूपड़ा साफ

छह में से तीन पर सपा तो तीन सीटों पर चिंघाड़ा था बसपा का हाथी

Lok Sabha Election 2024 : 400 पार का संकल्प साधने को मुरादाबाद मंडल की सीटों पर जीत की चुनौती, 2019 में भाजपा का था सूपड़ा साफ

विनोद श्रीवास्तव, अमृत विचार। 2019 का लोकसभा चुनाव पूरे मंडल में भारतीय जनता पार्टी के लिए अंगूर खट्टे वाली स्थिति की रही। मंडल की छह में से एक भी सीट पर पार्टी के दिग्गज और उनके प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाकर अपनी सीट नहीं जिता पाए थे। तीन पर सपा की साइकिल चली थी तो तीन सीटों पर हाथी की चिंघाड़ से नीला झंडा लहराया था। इस बार यदि भाजपा प्रदेश में 80 और देश में 400 पार सीटें जीतने के संकल्प को साधना चाहती है तो उसे मंडल की सीटों पर कमल खिलाना ही होगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल में भारतीय जनता पार्टी के लिए जीत की चुनौती अभी भी बड़ी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पिछली दफा हारी 14 सीटों में से छह तो मुरादाबाद मंडल की थीं। जिस पर 2019 के लोकसभा चुनाव में कमल नहीं खिल पाया था। इसमें सपा-बसपा गठबंधन का प्रभाव भी काफी हद तक मायने रखा था। इस गठबंधन के चलते सपा-बसपा ने मिलकर मंडल की सभी 6 सीटें हथिया ली थीं। जिसमें तीन मुरादाबाद, रामपुर, संभल सपा ने जीती तो बसपा ने अमरोहा, बिजनौर और नगीना (सुरक्षित) सीट जीतकर अपने प्रत्याशियों को लोकसभा पहुंचाने में सफलता पाई थी। इस बार भाजपा के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है। क्योंकि 80 का आधार, भाजपा अबकी बार 400 पार का संकल्प तभी साकार होगा जब मंडल में भाजपा के प्रत्याशी जीतकर कमल खिलाएंगे।

उप चुनाव में जीती थी भाजपा
रामपुर में आजम खां के इस्तीफे के बाद 2022 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा के घनश्याम लोधी ने यह सीट सपा से छीनकर जीत दर्ज की थी। इस बार फिर भाजपा ने घनश्याम लोधी जो वर्तमान में सांसद हैं को अपना उम्मीदवार बनाया है।

मंडल की लोकसभा सीटों पर 2019 के चुनाव में यह थी स्थिति

  • लोकसभा सीट जीते प्रत्याशी दल
  • मुरादाबाद डा. एसटी हसन सपा
  • रामपुर आजम खां सपा
  • संभल डा. शफीकुर्रहमान बर्क (अब दिवंगत) सपा
  • अमरोहा कुंवर दानिश अली बसपा
  • बिजनौर मलूक नागर बसपा
  • नगीना (सुरक्षित) गिरीश चंद्र बसपा

मंडल की सीटों पर मतदान की तारीख

  • प्रथम चरण-मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर - 19 अप्रैल
  • द्वितीय चरण-अमरोहा- 26 अप्रैल
  • तृतीय चरण- संभल-7 मई

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अखिलेश की जनसभा के बाद बदला माहौल, चौंका सकते हैं आखिरी रात के समीकरण

ताजा समाचार