कासगंज: सपा प्रत्याशी ने दमखम के साथ किया नामांकन

कासगंज: सपा प्रत्याशी ने दमखम के साथ किया नामांकन

कासगंज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी देवेश शाक्य ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया।

मूलरूप से मैनपुरी के रहने वाले सपा प्रत्याशी ने सबसे पहले परिवार के साथ पहुंचकर मां गंगा और श्रीवराह भगवान आशर्वाद लिया। उसके बाद शहर के प्रभु पार्क पहुंचे। यहां से काफिले के साथ नामांकन करने निकले। काफिला तो नामांकन स्थल पर रोक दिया गया। जबकि प्रत्याशी को प्रस्तावकों सहित नामांकन स्थल पर प्रवेश दिया गया।

सोमवार को भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह ने नामांकन दाखिल कर श्रीगणेश किया। उसके बाद सपा प्रत्याशी देवेश शाक्य भी मंगलवार को नामांकन करने पहुंच गए। सबसे पहले वह सुबह तीर्थ नगरी सोरों पहुंचे। यहां परिवार के साथ मां गंगा की स्तुति की, दुग्धाभिषेक किया। फिर भगवान श्रीवराह मंदिर में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभाई। 

उसके बाद सपा प्रत्याशी कासगंज के प्रभु पार्क मैदान पहुंचे। जहां पहले से सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्हें जीत का भरोसा दिलाया। उसके बाद सपा प्रत्याशी का काफिला शहर से होते हुए नामांकन स्थल के लिए निकला। नामांकन स्थल के बहार काफिले को रोक दिया गया। सपा प्रत्याशी ने नामांकन कक्ष में पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। 

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष विक्रम यादव, पूर्व राज्यमंत्री मानपाल सिंह, पटियाली विधायक नादिरा सुल्तान, पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक जीनत खान, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्त अब्दुल हफीज गांधी, सपा नेत्री किरण यादव, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अदनान मियां, आप के जिलाध्यक्ष सुधाकर यादव मौजूद रहे।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
सपा प्रत्याशी के काफिले में भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने सतर्कता बरती। कहीं कोई शांति व्यवस्था भंग न हो इसके लिए विशेष निगरानी की गई। सीओ सिटी अजीत चौहान ने नामांकन स्थल के बहार मुख्य द्वार पर सुरक्षा की कमान संभाली। अनाधिकृत रूप से किसी को भी प्रवेश नहीं होने दिया गया।

फरियादी हुए परेशान
कलेक्ट्रेट परिसर चारों तरफ से सील कर दिया गया है। ऐसे में नामांकन के दौरान किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। दूरदराज से आने वाले फरियादियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को कई फरियादी परेशान देखे गए।

नामांकन प्रक्रिया चल रही है। नियमानुसार नामांकन कराए जा रहे हैं। पूरी व्यवस्था चाक चौबंद हैं। कहीं भी कोई अव्यवस्था नहीं है।- सुधा वर्मा, डीएम

ये भी पढे़ं- कासगंज: बालू के अवैध खनन पर पुलिस प्रशासन ने कसा शिकंजा, सात ट्रैक्टर-ट्रॉली किए जब्त