बरेली: 'समझाने के बाद भी नहीं मानी बेटी तो मार दिया', गिरफ्तारी के बाद पिता ने जुर्म कबूला

बरेली: 'समझाने के बाद भी नहीं मानी बेटी तो मार दिया', गिरफ्तारी के बाद पिता ने जुर्म कबूला

बरेली/भमोरा, अमृत विचार: बीए की छात्रा के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर उसकी हत्या करने के आरोपी पिता को भमोरा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। बोला, समझाने के बाद भी वह अपने प्रेमी से संपर्क तोड़ने को तैयार नहीं हुई, इसीलिए उसने परिवार के लोगों के साथ उसकी हत्या की थी। पुलिस इस मामले में नामजद छात्रा की मां, भाई, चाचा, ताऊ और दो अज्ञात लोगों को भी तलाश रही है।

पुलिस के अनुसार घिलौरा की युवती के गांव के ही ब्रजेश से प्रेम संबंध थे। करीब छह महीने पहले वह उसके साथ कहीं चली भी गई थी। तीन दिन बाद लौटी तो पिता ने थाना भमोरा में ब्रजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। ब्रजेश के जेल से बाहर आने के बाद युवती ने फिर उससे बातचीत शुरू कर दी। 

ब्रजेश के खिलाफ गवाही देने से भी मना कर दिया। इसी से नाराज पिता लाल सिंह, मां प्रेमवती, भाई अनिल, चाचा शिशुपाल सिंह, ताऊ महेंद्र सिंह ने 28 मार्च को युवती की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया। ब्रजेश के मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद भमोरा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और मंगलवार देर रात लाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

लाल सिंह ने बताया कि 28 मार्च की रात को उसने बेटी से ब्रजेश के खिलाफ गवाही देने को कहा तो उसने मना कर दिया। बातचीत बंद करने के बजाय ब्रजेश से ही शादी करने पर भी अड़ गई। इस पर उसने पत्नी प्रेमवती, बेटे अनिल, भाई शिशुपाल सिंह और महेन्द्र सिंह के साथ उसे पीटा भी लेकिन उसने जिद नहीं छोड़ी। 

इस पर उन लोगों ने गुस्से में रस्सी से उसका गला घोट दिया। रात में ही बैलगाड़ी का इंतजाम कर शव को रामगंगा किनारे ले गए और रात दो बजे उसे जला दिया। लकड़ी कम होने के कारण शव पूरी तरह जला। अधजला शव ही रामगंगा में प्रवाहित कर वे घर चले आए। गांव वालों ने पूछा तो उसके रिश्तेदारी में जाने का बहाना कर दिया।

आरोपी पिता को गिरफ्तार लिया है। सभी आरोपियों पर हत्या और सबूत मिटाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है--- राकेश कुमार सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम थाना भमोरा।

यह भी पढ़ें- बरेली: जहूर के हत्यारोपी को नहीं पकड़ सकी पुलिस, सात माह बाद भी हाथ खाली