मुरादाबाद में बोले केशव प्रसाद मौर्य- सपा कांग्रेस को नहीं मिल रहे प्रत्याशी, रोज बदल रहे चेहरे...केंद्र में तीसरी बार बनेगी नरेंद्र मोदी सरकार

दिल्ली रोड स्थित एक होटल में बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, किया लोकसभा चुनाव में जीत का मार्गदर्शन

मुरादाबाद में बोले केशव प्रसाद मौर्य- सपा कांग्रेस को नहीं मिल रहे प्रत्याशी, रोज बदल रहे चेहरे...केंद्र में तीसरी बार बनेगी नरेंद्र मोदी सरकार

मुरादाबाद, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं रोज चेहरे बदले जा रहे हैं जबकि हमारे कार्यकर्ता बूथों की मजबूती में जुटे हैं। कांग्रेस के घोषणा पत्र को उन्होंने पुलिंदा बताया।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा जिस प्रकार मोदी योगी सरकार में देश प्रदेश का विकास हुआ है वैसे ही मुरादाबाद का संपूर्ण विकास होगा। केंद्र में तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। इसमें कोई शंका नहीं है। कांग्रेस एक्सपायरी डेट की है और इस चुनाव में सपा समाप्तवादी पार्टी बनेगी। विपक्ष को उत्तर प्रदेश में एक भी सीट नहीं मिलेगी। सभी 80 सीटों पर भाजपा और उसके गठबंधन के प्रत्याशी जीतेंगे। इंडिया गठबंधन को उन्होंने ठग गठबंधन करार दिया। कहा भाजपा की सरकार में भ्रष्टाचारियों की जगह जेल है। 

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को दिल्ली रोड स्थित एक होटल में महानगर इकाई की ओर से आयोजित बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की जड़े खत्म हो चुकी हैं। इसलिए उनके बड़े नेता प्रदेश छोड़कर भाग खड़े हुए हैं। हर ओर मोदी मोदी और योगी योगी का डंका बज रहा है।

केंद्र और प्रदेश की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सबको समान रूप से मिला है, आगे विकास को और रफ्तार मिलेगी। 2047 तक भारत विकसित देश की श्रेणी में खड़ा होगा। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के पास पहुंच कर शत प्रतिशत मतदान कराना है और सभी को अपने बूथ पर जीत कर कमल खिलाना है। इस दौरान नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश सक्सेना, महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि और सभी बूथों के अध्यक्ष मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : हाईटेक हुआ चुनाव : अब नहीं दिखते पुराने तरीके, न ढोल मजीरा न चुनावी गीतों की बहार