Budaun News: प्रधान की पावर सीज, निलंबित होंगे ग्राम पंचायत अधिकारी

आरआरसी सेंटर में खरीदारी को लेकर मिली अनियमितता, लाखों का घपला

Budaun News: प्रधान की पावर सीज, निलंबित होंगे ग्राम पंचायत अधिकारी
बीडीएन 206 गांव सीकरी का निरीक्षण करतीं डीपीआरओ (फाइल फोटो)

बदायूं, अमृत विचार। आरआरसी सेंटर के निर्माण को मिली धनराशि का दुरुपयोग करने वाले गांव सीकरी के प्रधान की डीएम ने पावर सीज कर दी है। वहीं ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित करने के आदेश डीडीओ को दिए हैं। वहीं विकास कार्य प्रभावित न हो इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।

डीपीआरओ द्वारा गांव में किए गए निरीक्षण के बाद, जांच कराई गई थी। जिसमें 13 लाख से अधिक धनराशि का गबन किए जाने की पुष्टि हुई थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम स्तर से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। 

पिछले साल 2023 अक्टूबर माह के दौरान डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने ब्लॉक आसफपुर की ग्राम पंचायत सीकरी का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्हें  अपशिष्ठ प्रबंधन केंद्र के निर्माण के दौरान अनियमितताएं मिलीं थीं। निरीक्षण रिपोर्ट डीएम को सौंपने के बाद उनके द्वारा ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ जांच कराने की संस्तुति की गई थी।

इसके बाद डीएम ने दो सदस्यीय टीम का गठन कर जांच के आदेश कर दिए। जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम प्रधान और सचिव ने बिना प्राक्कलन के ही आरआरसी सेंटर की दीवार पर जाली लगवा दी। साथ ही संबंधित फर्म को भुगतान कर दिया। अधिकारियों को 36 प्लास्टिक टैंक के स्थान पर 16 टैंक ही बने मिले। शेष की धनराशि बिना निर्माण के निकाल ली गई। 

नाला निर्माण में भी धनराशि का दुरुपयोग किया। घटिया सामग्री से तैयार नाले कई स्थानों पर टूटे पाए गये। उनकी लंबाई भी कम मिली। पानी को संरक्षित करने के लिए ग्राम पंचायत की समिति द्वारा 30 सोकपिट तैयार करने का प्रस्ताव बना था, लेकिन प्रधान और सचिव ने कुल 12 सोक पिट का ही निर्माण कराकर शेष की धनराशि को निकाल लिया गया। कचरा पात्र भी निर्धारित संख्या के अनुसार नहीं बने। कचरा उठाने के लिए ई-रिक्शा की खरीद जेम पोर्टल से की जानी थी। 

इसके लिए टेंडर निकाला जाना था, परंतु प्रधान और सचिव ने कोटेशन के आधार पर उसकी खरीद कर ली। प्रधान ज्योति और सचिव अवधेश कुमार द्वारा  कंसल्टिंग इंजीनियर सपन कुमार के साथ मिलीभगत कर 13.33 लाख धनराशि का गबन करने की पुष्टि हुई। जांच कर अधिकारियों द्वारा रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए डीएम ने प्रधान की वित्तीय पॉवर को सीज कर दिया। साथ ही ग्राम विकास अधिकारी अवधेश कुमार को निलंबित करने के आदेश डीडीओ को दिए हैं। 

घपलेबाज कंसल्टिंग इंजीनियर बने रहम के पात्र 
ग्राम सीकरी की प्रधान ज्योति और सचिव अवधेश कुमार द्वारा  कंसल्टिंग इंजीनियर सपन कुमार के साथ मिलीभगत कर 13.33 लाख धनराशि का गबन कर लिया गया। जांच अधिकारियों द्वारा कंसल्टिंग इंजीनियर के खिलाफ भी कार्रवाई करने की संस्तुति की थी। लेकिन अधिकारियों द्वारा उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। जिसको लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। 

ग्राम पंचायत सीकरी में आरआरसी सेंटर निर्माण में हुए कार्यों की जांच कराई गई थी। जिसमें प्रधान और सचिव द्वारा गबन किया गया है। इस प्रकरण में ग्राम प्रधान की पॉवर सीज कर दी गई है। साथ ही सचिव को निलंबित करने के आदेश डीएम ने दिए हैं। कंसल्टिंग इंजीनियर के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए संबंधित संस्था को लिखा गया है- श्रेया मिश्रा, डीपीआरओ।

ये भी पढ़ें- Budaun News: ई-रिक्शा चालक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार