रामपुर: जलते कूड़े के ढेर में गिरी सात वर्षीय मासूम, 95 फीसदी जलने से मौत

रामपुर: जलते कूड़े के ढेर में गिरी सात वर्षीय मासूम, 95 फीसदी जलने से मौत

रामपुर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम जलते कूड़े के ढेर में गिर गई। जानकारी मिलते ही परिजनों ने आनन-फनन में बच्ची को आग से बाहर निकाला। लेकिन बच्ची तब तक 95 फीसदी से अधिक जल चुकी थी। चिकित्सों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया।
       
घटना थाना क्षेत्र के नगलिया आकिल गांव की है। गांव के पास पड़े कूड़े के ढेर में किसी ने आग लगा दी थी। दर्जनों बच्चे सुबह करीब 11 बजे जलती आग के पास खेल रहे थे। खेलते समय गांव निवासी मकबूल की बेटी जेवा (07) जलती आग में गिर गई। साथ में खेल रहे बच्चों ने उसे गिरा देखा, तो उनके होश उड़ गए। कुछ बच्चों ने आग में गिरी बच्ची के परिजनों को सूचना दी।

 सूचना मिलते ही घर वाले पास पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंच गए। किसी तरह आग की लपटों में पड़ी मासूम बच्ची को बाहर निकला। लेकिन तब तक बच्ची 90 से 95 फीसदी जल चुकी थी। मौके पर आसपास के तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को पास के ही किसी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजन मृतक का शव लेकर घर आए तो कोहराम मच गया। बाद में उसको सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : बिलासपुर में किशोर की कुकर्म के बाद हत्या, तीन दिन से गायब था बालक