कासगंज : हंगामें में बदली हड़ताल, आमने सामने आए सफाई कर्मी और चेयरमैन

मांगो को लेकर धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन

कासगंज : हंगामें में बदली हड़ताल, आमने सामने आए सफाई कर्मी और चेयरमैन

कासगंज, अमृत विचार। मांगो को लेकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारी का प्रदर्शन शुक्रवार को हंगामें तब्दील हो गया। गांधीमूर्ति पर धरना दे रहे सफाई कर्मी उस समय में बाजार में प्रदर्शन करने पहुंच गए। जब स्वच्छता अभियान के तहत पालिका अध्यक्ष झाडू लगा रहे थे। आरोप है कि सफाई कर्मियों ने पालिका अध्यक्ष एवं उनके पत्नी और बेटे के साथ मारपीट की और चेयरमैन के कपडे भी फाड़ दिए।दूसरी ओर सफाई कर्मियों ने थाने में हंगामा किया। बाल्मीकि समाज की महिलाओ ने पूर्व पालिकाध्यक्ष चेयरमैन पति और उनके पुत्र के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।

11 सूत्रीय मांगो को लेकर सफाई कर्मचारी हड़ताल पर है। जिससे सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सफाई कर्मी लगातार अपनी समस्याओ की मांग के समाधान को लेकर जिद पर अढे हुए है। शुक्रवार को सुबह से ही गांधीमूर्ति पर प्रदर्शन हो रहा था। मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब सफाई कर्मी, पालिका अध्यक्ष मीना बौहरे, व उनके पति पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र बौहर, उनके पुत्र भोले आमने सामने आ गए।  एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। पालिकाध्यक्ष झाडू लगा रही थी। आरोप है कि उनके हाथ से झाडू छीन ली। चेयरमैन ने सफाई कर्मियों पर छेड़छाड़ और भरे बाजार कपडे फाड कर बेइज्जत करने का आरोप लगाया है।
 
चेयरमैन ने यह दी तहरीर
चेयरमैन ने पुलिस को तहरीर दी है जिसमें स्पष्ट  किया है कि सफाई कर्मियों का नेतृत्व कर रहे हरिजन समाज के सोनू भंडारी पुत्र बीरेंद्र, मोहित पुत्र अरबिंद व राजेश निवासी गण चर्च कंपाउंड  ने अपने साथी मुकेश पुत्र छोटेलाल, रामखिलाड़ी पुत्र बहोरी, राजकपूर बाल्मीकि पुत्र बन्ने एवं रमेश ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। 15 से 20 अन्य लोग भी शामिल थे। जिनमें महिलाए भी शामिल थी। जैन धर्मशाला के सामने स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत किया जा रहा कार्य बाधित कर दिया। गाली छीन कर गालियां देने लगे। चेयरमैन ने आरोप लगाया है कि सफाई कर्मियों ने उनके कपड़े फाड कर बेइज्जत किया। उनके पुत्र और पति पर भी जानलेवा हमला किया। 

बाल्मीकि समाज की महिला ने दी तहरीर
सफाई कर्मियों की ओर से मुहल्ला कोर्ट की अनीता सामने आई हैं। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें लिखा है कि वे स्थानीय निकाय के कार्य में शामिल होने जा रही थी, तभी पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र बौहरे अपने बेटे सोमेंद्र उर्फ भोला 25 गुंड्डो के साथ आ गया और रास्ते में रुक लिया। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गंदी गंदी गालियां दी। महिला का कहना है कि धरना दे रहे लोगों को जब यह घटना पता चली तो वह मौके पर पहुंचे और उन्हें बमुश्किल बचाया।

पूर्व चेयरमैन का श्राद्ध है
गांधीमूर्ति पर धरना दे रहे सफाई कर्मी सुबह से ही कह रहे थे कि आज पूर्व चेयरमैन का श्राद्ध है। सभी लोग इसमें शामिल हो, और ईश्वर से उनके लिए प्रार्थना करें, हालांकि बाद में जब मामला तूल पकड़ गया, तो सफाई कर्मी श्राद्ध की बात भूलकर नई योजना में जुट गए। 

यह हैं मांगे, यह मिला आश्वासन
मांग- समस्त ठेका कर्मचारियों को 410 प्रतिदिन भुगतान दिया जाए, सप्ताहिक अवकाश दिया जाए, ठेका सफाई कर्मियों को चार माह का वेतन दिलाया जाए।
आश्वासन –श्रम विभाग के शासनादेश के अनुसार अकुशल श्रमिक को न्यूनतम मजदूरी 410 रुपए प्रतिदिन का प्रास्तव बोर्ड बैठक में रखा गया है। स्वीकृति उपरांत कार्रवाई होगी।
मांग-स्थाई एवं संविदा कर्मियों को एरियर व सेवानिवृत कर्मिचारियों का बकाया भुगतान कराया जाए। 
आश्वासन- सेवानिवृत कर्मचारियों का एरियर भुगतान कर दिया गया है। स्थाई सफाई कर्मियों के भुगतान के लिए बिल बनाए जा रहे हैं, दो दिवस में भुगतान करा दिया जाएगा।
मांग- बैकलॉक सफाई कर्मचारियों को उनके मूल पद पर भेजा जाए। ट्रैक्टर सफाई कर्मचारियों को दिन में एक बार कार्य पर बुलाया जाए।
आश्वासन- आवश्कता के अनुसार कार्य निर्धारित किए जाते हैं। शासन के निर्देश के क्रम में किसी भी कार्मिक से 8 घंटे कार्य लेने का प्रावधान है। इसका अनुपालन कराया जाएगा।
मांग- हाथ गाडी से कूडा, कचरा, न डलवाया जाए और बिना सुरक्षा के कोई कार्य न कराया जाए।
आश्वासन- ई रिक्शा के क्रय का प्रस्ताव सदन में रखा जाएगा। उसके उपंरात आग्रिम प्रक्रिया होगी।
मांग- कर्मचारियों को सफाई कार्य के लिए गरम व ठंडी वर्दी उपलब्ध कराई जाए।
आश्वासन- कर्मचारियों को सफाई कार्य हेतू उपकरण व वर्दी बजट की उपलब्धता के आधार पर करा दी जाएगी।
मांग-कर्मचारियों को स्थानातंरण बिना शिकायत के न किया जाए।
आश्वासन- कार्य को देखते हुए स्थानांतरण प्रशासनिक दृष्टकोण से किया जाता है। 
मांग- ठेका कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराई जाए। 
आश्वासन-संबंधित कर्मचारियों को इस संबंध में निर्देशित कर दिया है।
मांग- त्योहारों पर अतिरिक्त सफाई कराने के लिए प्रत्येक वार्ड से एक एक सफाई कर्मचारियों की टीम बनाई जाए।
आश्वासन- पूर्व में भी इसी प्रकार से टीम का गठन होता रहा है, भविष्य में भी होता रहेगा।
मांग- कर्मचारियों का ईएसआई कार्ड बनवाया जाए।
आश्वासन- इस संबंध में संबंधित से निरंतर पत्राचार किया जा रहा है।
मांग-सपाई मजदूर संघ को कार्यालय परिसर में कार्यालय उपलब्ध कराया जाए।
आश्वासन- राजकीय संपत्ति में संघ के कार्यालय की अनुमति का निर्देश हो तो अवगत कराए, कार्रवाई की जाएगी।

47 स्थाई सफाई कर्मचारी हैं। 
152 आउट सोर्स कर्मचारी हैं।           

दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिल चुकी है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -लोकेश भाटी, कोतवाली प्रभारी।