यूपी बाल बैडमिंटन संघ चुनाव : योगराज अध्यक्ष व कौशल दीक्षित बने महासचिव

यूपी बाल बैडमिंटन संघ चुनाव : योगराज अध्यक्ष व कौशल दीक्षित बने महासचिव

नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश बाल बैडमिंटन संघ का चुनाव रविवार को प्रयागराज के नैनी स्थित अपेक्स इंस्टीट्यूट में विभिन्न जिलों के मतदाताओं के बीच विधिवत संपन्न हुआ। चुनाव में निर्विरोध रूप से योगराज मिश्रा को पुनः अध्यक्ष व महासचिव के पद पर लगातार तीसरी बार कौशल दीक्षित को चुना गया। आम सभा की राय के मुताबिक उत्तर प्रदेश बाल बैडमिंटन संघ के मुख्य संरक्षक के तौर पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय को नामित किया गया। 

चुनाव में भारतीय बाल बैडमिंटन संघ के पर्यवेक्षक के तौर के नरेश चंद्राकर, उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक मोहम्मद तौहीद व चुनाव अधिकारी संजय उपाध्याय मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश बॉल बैडमिंटन संघ में पहली बार अयोध्या व अंबेडकर नगर को राज्य कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व का अवसर मिला। अयोध्या से सचिव परमेंद्र सिंह को राज्य संघ में उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया जबकि अंबेडकर नगर के सचिव मृत्युंजय सिंह को राज्य की कार्यकारिणी का सदस्य चयनित किया गया। 

संघ के महासचिव कौशल दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बॉल बैडमिंटन खेल का विस्तार काफी तेजी के साथ हो रहा है। खिलाड़ियों के लिए इसमें नौकरी की अपार संभावनाएं हैं। यह खेल भारतीय रेलवे के साथ ही अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं, विभिन्न सुरक्षा बलों में इस खेल के खिलाड़ी को नियुक्ति प्राप्त करने का अवसर है। संघ के अध्यक्ष योगराज मिश्र ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि अब राज्य में इस खेल का विस्तार और तेजी के साथ होगा। हमारे विभिन्न जिलों के युवा साथी जिस कर्मठता के साथ अपने अपने कार्यों के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं उससे निश्चित तौर पर राज्य में यह खेल विकसित होने की श्रेणी में आएगा। 

नवनियुक्त संयुक्त सचिव विनोद सिंह ने वाराणसी में राज्य सीनियर पुरुष व महिला बाल बैडमिंटन चैंपियनशिप के आयोजन अक्टूबर  नवंबर माह में करने की घोषणा की इसका सदन ने हर्ष ध्वनि से समर्थन किया। नवगठित कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष डीके मिश्रा, विनय सिंह रजत दिक्षित, परमेंद्र सिंह, महासचिव कौशल कुमार दीक्षित, संयुक्त सचिव बीएन दीक्षित, विनोद सिंह, पंकज यादव, सीमा यादव, वैभव दिक्षित, कोषाध्यक्ष संतोष उपाध्याय, मीडिया प्रभारी पूनम चौरसिया के साथ ही कार्यकारिणी सदस्य अमनदीप सिंह, मृत्युंजय सिंह, सुमित सिंह, शैलेश कुमार, महिमा गौतम बीबीसी बनाए गए।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : BJP मनाएगी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, कई कार्यक्रमों का होगा आयोजन