मणिपुर के मुख्यमंत्री अपने पद पर बने रहने में समर्थ नहीं, पंजाब विधान सभा अध्यक्ष ने अमित शाह को लिखा पत्र

चंडीगढ़। पंजाब विधान सभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने रविवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर मणिपुर के मुख्यमंत्री को उनके पद से हटाने की मांग की है। श्री संधवां ने पत्र में लिखा है कि मणिपुर में महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाले घृणित काम के लिए ज़िम्मेदार व्यक्तियों को सख़्त कानूनी प्रावधानों से निपटा जाये और उनको सख़्त सज़ाएं दी जानी चाहिए।
ये भी पढ़ें - हिमाचल प्रदेश: लड़कियों की तस्करी के मामले में दंपती गिरफ्तार
उन्होने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री उत्तर-पूर्वी राज्य में चल रही हिंसा से प्रभावित सभी लोगों को इन्साफ दिलाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दें। पंजाब विधान सभा अध्यक्ष ने लगातार डर और अराजकता के मौजूदा माहौल पर निरासा प्रकट करते हुये माहौल को बिगड़ने देने के लिए मणिपुर के मुख्यमंत्री को हटाने की माँग की है, जिससे लाखों नागरिकों की जानें खतरे में पड़ रही हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के इस घृणित काम को रोकने में असफल रहे हैं। मुख्यमंत्री की सरकार को बरख़ास्त करके उनके विरुद्ध सख़्त कार्यवाही की जानी चाहिए। दो महिलाओं को बिना कपड़े पहने परेड करने के लिए मजबूर किये जाने की घिनौनी घटना पर अफ़सोस प्रकट करते हुये उन्होंने कहा कि यह दुखदायी घटना है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में जहाँ महिलाओं को विशेष सम्मान दिया जाता है, वहाँ हम महिलाओं के सम्मान की रक्षा नहीं कर सके।
हमारी सभ्यता, हमारे पुरखों ने हमें महिलाओं का सम्मान करना सिखाया है। परन्तु मणिपुर में उनके साथ किया गया सलूक बहुत ही दुखदायी है। अध्यक्ष ने लिखा, “मुझे यकीन है कि आप इस घटना पर निगरानी रख रहे होंगे, परन्तु मैं, हाथ जोड़ कर, उन महिलाओं के गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए आप से मदद की आशा करता हूँ। उनको सुरक्षा की ज़रूरत है।”
ये भी पढ़ें - पंजाब: फाजिल्का में दो मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 20 किलो हेरोइन बरामद