रुद्रपुरः हाउस टैक्स जमा नहीं करने पर 700 लोगों को निगम का नोटिस, 50 लोगों पर हो चुकी कार्रवाई

रुद्रपुर, अमृत विचार। पिछले वित्तीय वर्ष में हाउस टैक्स जमा नहीं करने वाले 700 लोगों को नगर निगम ने नोटिस भेज दिया है। इसके अलावा जिन हाउस टैक्स धारकों ने तीन नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया तो उनकी आरसी काटने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल निगम ने अभी 50 लोगों की आरसी काटी है।
नगर निगम के तहत करीब 23000 हाउस टैक्स धारक हैं। इनसे निगम प्रतिवर्ष हाउस टैक्स की वसूली करता है। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम 70 फीसदी लोगों से ही हाउस टैक्स की वसूली कर पाया है, जबकि 30 फीसदी लोगों ने अभी तक हाउस टैक्स जमा नहीं किया है। इसका कारण कई लोग भूमि विवाद के चलते हाउस टैक्स जमा नहीं करते हैं। निगम ने अब ऐसे लोगों को नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार 700 हाउस टैक्स धारकों को नोटिस भेज दिये हैं। ये ऐसे टैक्स धारक हैं जिनका निगम के ऊपर 5 हजार से अधिक का टैक्स बचा हुआ है। निगम ने अभी अन्य लोगों को भी नोटिस भेजने की तैयारी की है। इसके अलावा जिन लोगों ने तीन नोटिस भेजने के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया है। जिनका टैक्स 1000 रुपये से अधिक है उनकी आरसी काटी की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अभी 50 लोगों की ही आरसी काटी गयी है।
नगर निगम की कर अधीक्षक लता आर्या ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में 70 फीसदी हाउस टैक्स धारकों ने टैक्स जमा किया है, जबकि 30 फीसदी लोगों ने टैक्स जमा नहीं किया है। इस कारण जिन हाउस टैक्स धारकों को टैक्स 5 हजार से अधिक हैं ऐसे लोगों को नोटिस भेजा गया है। तीन नोटिस भेजने के बाद भी जिन लोगों ने टैक्स जमा नहीं किया है उनकी आरसी काटने के लिए सूची तैयार की जा रही है।