कानपुर में गंगा नहाने गया डांसर का भाई और उसका दोस्त डूबा, एक की मौत; परिजनों में मची चीख-पुकार

कानपुर में गंगा नहाने गया डांसर का भाई और उसका दोस्त डूबा, एक की मौत; परिजनों में मची चीख-पुकार

कानपुर, अमृत विचार। होली में रंग खेलने के बाद मौजमस्ती में गंगा में डूबकर हुई छह लोगों की मौत की घटना को अभी एक सप्ताह नहीं बीता था कि गंगामेला की शाम को डांसर का भाई और उसका दोस्त गंगा में डूब गए। वह चार अन्य दोस्तों के साथ गंगा नहाने गए थे। दोस्तों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद डांसर के भाई का शव निकाल लिया। वहीं दूसरे युवक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई।

बिरहाना रोड निवासी देवानंद पाठक का सिरकी मोहाल में फोटो स्टूडियो है। परिवार में पत्नी शोभा, चार बेटों में अभिषेक पाठक, 30 वर्षीय अभिनव पाठक, अक्षय और निशांत है। मुंबई में बैकग्राउंड डांसर बड़े भाई अभिषेक ने बताया कि अभिनव फ्रीलांसर फोटोग्राफर था। बताया कि गंगा मेला को भाई अभिनव अपने पटकापुर निवासी अश्विनी दीक्षित के 27 वर्षीय पुत्र सत्यम दीक्षित और इलाके के रचित, अनुराग, विकास और सत्यम कुमार के साथ छावनी थानाक्षेत्र के नानाराव मैस्कर घाट शाम 7.30 बजे गंगा नहाने के लिए गया था।

बताया कि सत्यम स्टूडियो में फोटो मिक्सिंग का काम करता है। उन्होंने बताया कि इस दौरान रचित, अनुराग, विकास और सत्यम कुमार घाट के पास नहाते रहे। लेकिन अभिनव पाठक और सत्यम दीक्षित पानी कम होने के कारण और ज्यादा आगे बढ़ गए। यहां गहरे होने के कारण दोनों डूब गए। तभी अन्य चारों दोस्त चीखते पुकारते रहे लेकिन वह लोग सेकेंडों में पानी में समा गए। दोस्तों ने डायल 112 को घटना की सूचना दी। जिसके बाद छावनी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा।

गोताखोरों को लगवाकर रात एक बजे तक दोनों की तलाश की गई लेकिन कुछ नहीं पता चला। इसके बाद शुक्रवार सुबह से गंगा में जाल डालकर तलाश शुरू की गई जहां 11.38 पर अभिनव पाठक का शव जाल में फंस गया। शव मिलते ही घाट पर मौजूद परिजनों की चीखपुकार मच गई। परिजनों का कहना था कि उसका अप्रैल में जन्मदिन होता है।

पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सत्यम दीक्षित की देर शाम तक तलाश की जाती रही लेकिन गोताखोरों को सफलता नहीं मिली। इस संबंध में छावनी इंस्पेक्टर अरविंद राय के अनुसार गंगा में छह दोस्त नहाने गए थे, जहां गहरे में जाने के कारण एक डूब गया वहीं एक की मौत हो गई। डूबे युवक की लगातार तलाश की जा रही है। 

जब रात में नहीं लौटे तो लगा कि दोस्त के घर सो गए होंगे 

डांसर भाई अभिषेक पाठक ने बताया कि गंगामेला पर बिरहाना रोड में जबरदस्ती रंग खेला गया। इसमें उनका भाई और उसके अन्य साथी भी थे। बताया कि सुबह से वह लोग रंग खेल रहे थे। इसमें पूरा दिन चला गया। रात में जब वह नहीं लौटा तो फोन किया गया जो नहीं मिला। इसके बाद उसके दोस्तों से पता किया गया। वह भी कुछ जबाव नहीं दे पाए। इस पर लगा कि दिनभर का थका किसी दोस्त के घर सो गया होगा। कुछ देर बाद पुलिस का फोन आया और घटना की जानकारी दी। जिसे सुनकर उन लोगों के होश उड़ गए। 

शव निकाला तो लगा कि दोस्त को बचाने में दोनों चले गए

अभिषेक पाठक ने बताया कि उनके भाई का शव करीब 15 घंटे बाद जाल में फंसा कुछ दूरी पर मिल गया। भाई अभिनव के दोनों हाथ आपस में फंसे मिले। परिजनों ने अंदेशा जताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है, कि जैसे वह डूबते समय सत्यम को पकड़े होगा। लेकिन बाद में वह लोगों अलग-अलग हो गए।

ये भी पढ़ें- कानपुर में ई-बसों का संचालन ठप...जमकर कर रहे नारेबाजी; अधिकारियों ने हेराफरी का 40 परिचालक को किया बर्खास्त