अयोध्या: 50 किसानों का बीस करोड़ दबा कर बैठा है विकास प्राधिकरण, पीड़ितों ने लगाई गोहार

रिंग रोड के लिए अधिग्रहित भूमि का नहीं दिया अब तक मुआवजा 

अयोध्या: 50 किसानों का बीस करोड़ दबा कर बैठा है विकास प्राधिकरण, पीड़ितों ने लगाई गोहार

सोहावल, अयोध्या। राम मंदिर परिक्षेत्र के चारों ओर बनने वाली रिंग रोड से जुड़े तहसील क्षेत्र के गांव मंगलसी के किसानों को अब तक अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं दिया गया है। करीब पचास किसानों को लगभग बीस करोड़ रुपये की धनराशि मुआवजे के रूप में दी जानी है लेकिन अयोध्या विकास प्राधिकरण अभी खामोश बैठा हुआ है। पीड़ित किसान पहले तो अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे नहीं मिला तो तहसील दिवस में मामला उठाया। पीड़ित किसानों का कहना है कि समय से मुआवजा नहीं मिला तो क्या फायदा। 

अब तक मुआवजा न मिलने से किसानों में चिंता की लकीरें दिखाई पड़ रही है। इसके लिए किसानों ने मुख्यमंत्री तक अपनी गुहार लगाई है। शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करने वालों में शामिल किसान राम गणेश  वर्मा, राजेन्द्र, मंशाराम, राम सिंह आदि ने बताया कि आसपास के जुड़े गांव कटरौली भिटौरा भाईपुर आदि के तमाम गांव के किसानों को मुआवजे का भुगतान मिल गया है लेकिन मंगलसी के किसानों की दस्तावेजी कार्यवाही पूरी होने के बावजूद भूमि की कीमत अब तक खाते में नही आई है। किसानों ने अपने साथ किसी धोखे की आशंका भी जताई है। 

सवाल उठाया है कि जब पड़ोस गांव के किसानों को मुआवजा दिया जा सकता है तो उन्हें क्यों नहीं। किसानों से हुई बात के अनुसार 50 से ज्यादा किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है। बड़े किसान काफी संख्या में हैं जिन्हें मुआवजे के रूप में एक करोड़ से ज्यादा मिलना है। राम गणेश वर्मा बताते है इनकी कुल 48 बिस्वा पक्का जमीन जा रही है कीमत 1 करोड़ प्लस की है। मुआवजा न मिलने से परेशान किसान बता रहे हैं कि अधिग्रहण के बाद अब भूमि पर कुछ कर भी नहीं सकते हैं। 

अधिग्रहण को लेकर राजस्व विभाग से जो भी कार्य होना था पूरा किया जा चुका है। मुआवजे को लेकर किसानों की शिकायत मिली है। भुगतान अयोध्या विकास प्राधिकरण के माध्यम से होना है। समाधान का प्रयास किया जा रहा है ...मनोज कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी, सोहावल तहसील, अयोध्या।