नेपाल विमान दुर्घटना में सभी यात्रियों की मौत, 4 भारतीयों समेत 22 लोग थे सवार

नेपाल विमान दुर्घटना में सभी यात्रियों की मौत, 4 भारतीयों समेत 22 लोग थे सवार

काठमांडू। नेपाल के पर्यटक शहर पोखरा से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद हिमालयी पर्वतीय क्षेत्र में दुर्घटना का शिकार हुए तारा एयर के विमान का मलबा मिल गया है। नेपाल की सेना ने सोमवार को बताया कि रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हुए यात्री विमान का मलबा उत्तर-पश्चिमी नेपाल के मुस्तांग जिले के थसांग-2 स्थित सनोसवेयर …

काठमांडू। नेपाल के पर्यटक शहर पोखरा से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद हिमालयी पर्वतीय क्षेत्र में दुर्घटना का शिकार हुए तारा एयर के विमान का मलबा मिल गया है। नेपाल की सेना ने सोमवार को बताया कि रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हुए यात्री विमान का मलबा उत्तर-पश्चिमी नेपाल के मुस्तांग जिले के थसांग-2 स्थित सनोसवेयर में मिला है।  इस बीच विमान में सवार सभी 22 लोगों की मौत हो गई है। विमान में चार भारतीय भी सवार थे। इससे पहले खराब मौसम और बादल छाए रहने के कारण विमान का पता लगाना मुश्किल हो रहा था।

‘तारा एअर’ के ‘ट्विन ओट्टर 9एन-एईटी’ विमान ने पोखरा से जोमसोम के लिए रविवार सुबह करीब 10 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन 15 मिनट बाद ही उसका नियंत्रण टॉवर से संपर्क टूट गया। विमान में चार भारतीय, दो जर्मन और 13 नेपाली नागरिकों सहित कुल 22 लोग सवार थे। बचाव दलों के साथ सैनिक और हेलीकॉप्टर संभावित घटनास्थल का पता लगाने में जुटे हुए थे। कनाडा द्वारा निर्मित विमान पोखरा से मध्य नेपाल स्थित मशहूर पर्यटक शहर जोमसोम जा रहा था। दोनों शहरों के बीच विमान यात्रा में आम तौर पर 20-25 मिनट लगते हैं।

विमानन कंपनी ने यात्रियों की सूची जारी की है, जिसमें भारतीयों की पहचान अशोक कुमार त्रिपाठी, उनकी पत्नी वैभवी बांडेकर (त्रिपाठी) और उनके बच्चों धनुष त्रिपाठी और ऋतिका त्रिपाठी के रूप में की गई है। यह परिवार मौजूदा समय में मुंबई के नजदीक ठाणे में रह रहा था। पोखरा हवाई अड्डे के सूचना अधिकारी देव राज अधिकारी के हवाले से बताया गया कि चालक दल के सदस्यों का नेतृत्व कैप्टन प्रभाकर प्रसाद घिमिरे कर रहे थे। उत्सव पोखरेल सह चालक और किसमी थापा विमान परिचारिका के रूप में विमान के चालक दल में शामिल थीं।

ये भी पढ़ें : नेपाल विमान हादसा : दुर्घटनास्थल से 14 शव बरामद, पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया जाएगा काठमांडू