बग्गा की गिरफ्तारी गैरकानूनी, केजरीवाल कर रहे प्रतिशोध की राजनीति: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पंजाब पुलिस पर अपने नेता तेजिंदर पाल बग्गा को ‘‘अगवा’’ करने का आरोप लगाया और कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल राज्य की पुलिस के जरिए प्रतिशोध की राजनीति कर रहे हैं। राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए …
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पंजाब पुलिस पर अपने नेता तेजिंदर पाल बग्गा को ‘‘अगवा’’ करने का आरोप लगाया और कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल राज्य की पुलिस के जरिए प्रतिशोध की राजनीति कर रहे हैं।
राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता और अन्य नेताओं ने इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लिया और कहा कि बग्गा ने उनके झूठ को ‘‘बेनकाब’’ किया है, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। गुप्ता ने किहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि यदि पुलिस उनके अधीन आ जाएगी तो उन्हें निशाना बनाने वालों को वह सबक सिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि एक कहावत है कि जब किसी का असली चेहरा देखना हो तो उसे पावर (सत्ता) देकर देखो। आज केजरीवाल का असली चरित्र और चेहरा सामने आ गया है।बग्गा पर हुई कार्रवाई को शर्मनाक करार देते हुए गुप्ता ने कहा कि पंजाब पुलिस इस कदर ‘‘गुंडागर्दी’’ पर उतारू है कि उसने एक सिख को अपनी पगड़ी तक भी नहीं बांधने दी और उसके पिता के साथ दुर्व्यव्हार किया। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद एक सिख हैं, लेकिन इसके बावजूद पंजाब में एक सिख का ‘‘अपमान’’ किया गया है।
ज्ञात हो कि भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता बग्गा भी सिख हैं। दिल्ली प्रदेश भाजपा की एक अन्य नेता नुपूर शर्मा ने अदालत के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में अगर किसी को गिरफ्तार करती है तो उसे स्थानीय पुलिस को इस बारे में सूचना देनी होती है। उन्होंने कहा कि बग्गा के मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई गैरकानूनी थी क्योंकि उसने दिल्ली पुलिस को इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी।