बरेली: वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कैंफर फैक्ट्री कर्मचारियों ने किया हंगामा

सीबीगंज, अमृत विचार। लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग को लेकर ओरिएंटल एरोमेटिक लिमिटेड (कैंफर फैक्ट्री ) के श्रमिकों का धैर्य टूट गया। कर्मचारियों ने मंगलवार को सुबह 6 बजे फैक्ट्री गेट पर हंगामा व नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने गेट में ताला लगवा दिया। कर्मचारी एकजुट हो गए और …
सीबीगंज, अमृत विचार। लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग को लेकर ओरिएंटल एरोमेटिक लिमिटेड (कैंफर फैक्ट्री ) के श्रमिकों का धैर्य टूट गया। कर्मचारियों ने मंगलवार को सुबह 6 बजे फैक्ट्री गेट पर हंगामा व नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने गेट में ताला लगवा दिया। कर्मचारी एकजुट हो गए और उन्होंने फैक्ट्री गेट पर बैठकर हड़ताल शुरू कर दी। करीब 8 घंटे तक चली हड़ताल के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने वार्ता के लिए 3 जनवरी तक का समय दिया है। वहीं फैक्ट्री में हड़ताल की सूचना पर शहर विधायक के बड़े भाई भी मौके पर पहुंच गए और फैक्टरी प्रबंधन से बात की।
ओरिएंटल ऐरोमैटिक लिमिटेड ( कैंफर फैक्ट्री ) के कर्मचारी विगत दो वर्षों से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे। जिसको लेकर उपश्रम आयुक्त व फैक्ट्री प्रबंधन से कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों की कई दौर की वार्ता बेनतीजा निकली। जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल करने का मन बना लिया था। मंगलवार को सुबह 6 बजे फैक्ट्री गेट पर कर्मचारी नारेबाजी करते हुए ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी प्रबंधन ने गेट में ताला डलवा दिया।
उन्हें ड्यूटी पर लेने से मना कर दिया। जिसके बाद कर्मचारी एकजुट हो गए और फैक्ट्री गेट पर हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों ने मांगो को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन विरुद्ध नारेबाजी की। दोपहर में 2 बजे तक कर्मचारी हड़ताल पर बैठे रहे। इसी बीच हड़ताल की सूचना पर शहर विधायक के बड़े भाई एडवोकेट अनिल कुमार भी मौके पर पहुंच गए और हड़ताल के संबंध में कर्मचारी संघ फैक्ट्री प्रबंधन से बात की।
उत्पादन ठप होने के डर से झुका फैक्ट्री प्रबंधन
फैक्ट्री प्रबंधन ने फैक्ट्री में उत्पादन ठप होने की आशंका को लेकर कर्मचारियों से वार्ता की। जिस पर उन्होंने कहा कि वार्ता के लिए 10 दिन का समय दिया जाए। आपस में बैठकर इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। जिसके बाद कर्मचारी मान गए। हड़ताल खत्म कर दी। फैक्ट्री कर्मचारी संघ के मंत्री रामौतार ने बताया कि नियमानुसार वर्ष 2017 में वेतन वृद्धि का 3 साल का एग्रीमेंट हुआ था। जोकि अप्रैल 2020 तक ही मान्य था।
अप्रैल 2020 में कर्मचारियों का फैक्ट्री प्रबंधन के बीच वेतन वृद्धि का पुनः एग्रीमेंट होना था। जो प्रबंधन ने अभी तक नहीं किया । जिसको लेकर कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। इस दौरान मुख्य रूप से कैम्फर फैक्ट्री कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राकेश सिंह ,उपाध्यक्ष अमित सिंह चौहान , कोषाध्यक्ष विनीत कुमार गुप्ता, सचिव लाला राम साहू, यशवीर सिंह, कमल झा, अफरोज आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।