सीतापुर: भतीजे ने दोस्त के साथ मिलकर चाचा की गोली मारकर की हत्या, जानें वजह?

सीतापुर। गैर इरादतन हत्या के मामले में फंसे भतीजे को पैसा खर्च कर जेल से छुड़वाना एक चाचा को महंगा पड़ा। जमानत में खर्च किए गए रूपए मांगने पर भतीजे ने साथी के साथ मिलकर शुक्रवार की शाम अपने चाचा की गोली मार कर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हत्या की वारदात अंजाम देकर दोनों आरोपी …
सीतापुर। गैर इरादतन हत्या के मामले में फंसे भतीजे को पैसा खर्च कर जेल से छुड़वाना एक चाचा को महंगा पड़ा। जमानत में खर्च किए गए रूपए मांगने पर भतीजे ने साथी के साथ मिलकर शुक्रवार की शाम अपने चाचा की गोली मार कर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हत्या की वारदात अंजाम देकर दोनों आरोपी भाग निकले। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। खबर पाते ही मृतक के परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के मामले में मृतक की पत्नी ने आरोपी भतीजे सहित दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। यह सनसनीखेज घटना सदरपुर इलाके के अहेवा गांव की है। यहां के पचपन वर्षीय मनमा मिश्र पुत्र छोटेलाल मिश्र की शुक्रवार की शाम गांव के पूरब चकरोड के पास दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक घटना मृतक के भतीजे प्रेम ने अंजाम दी है। बताते हैं कि प्रेम गैर इरादतन हत्या के मामले में जेल चला गया था। प्रेम के कहने पर उसके चाचा मनमा मिश्र ने उसकी जमानत कराने के लिए पैसा खर्च किया था। कहा जा रहा है कि करीब जमानत में करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च हुआ था। जिसके चलते अब मनमा अपने भतीजे प्रेम से रुपए मांग रहा था।
इसको लेकर दोनों में कई बार विवाद भी हो चुका था। इस बीच प्रेम अपनी कुछ जमीन बेच चुका था, लेकिन वह अपने चाचा को रूपए नहीं दे रहा था। इसी सिलसिले में शुक्रवार की दोपहर बाद दोनों में फिर विवाद हुआ। विवाद के बाद जैसे ही मनमा गांव के बाहर चकरोड की ओर पहुंचा, वैसे ही पीछे से उसका भतीजा पहुंच गया और उसने चाचा को गोली मार दी। गोली लगने से मनमा मौके पर ही गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात अंजाम देकर हत्यारोपी भाग निकला। गोली की आवाज सुनकर परिवार व गांव के लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में मृतक की पत्नी कमलादेवी ने आरोपी भतीजे प्रेम व उसके साथी राजू के खिलाफ तहरीर दी है। इस बारे में थाना प्रभारी नयन सिंह ने बताया कि भतीजे ने अपने साथी के साथ मिलकर चाचा की गोली कर हत्या कर दी है। घटना के पीछे जमानत में खर्च किए गए पैसे के लेनदेन का विवाद था। उनका कहना है कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी प्रेम व उसके साथी राजू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें:-दो दिसंबर को मुरादाबाद आएंगी प्रियंका गांधी, जनसभा को करेंगी संबोधित