अयोध्या: आंधी-पानी से भारी नुकसान, एक की मौत, फसलें तबाह

अयोध्या: आंधी-पानी से भारी नुकसान, एक की मौत, फसलें तबाह

अयोध्या। आंशिक चक्रवात के रूप में गुरुवार रात आए आंधी-पानी के चलते जिले में भारी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के कारण छप्पर गिरने से एक की मौत हो गई। ओलावृष्टि के चलते सरसों, गन्ने और सब्जी की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। वहीं शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर बिजली के …

अयोध्या। आंशिक चक्रवात के रूप में गुरुवार रात आए आंधी-पानी के चलते जिले में भारी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के कारण छप्पर गिरने से एक की मौत हो गई। ओलावृष्टि के चलते सरसों, गन्ने और सब्जी की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। वहीं शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर बिजली के खम्भों के गिरने और तार टूटने की वजह से आपूर्ति रात से ही ठप हो गई है। आपूर्ति बहाली के लिए शुक्रवार दिनभर मशक्कत के बाद कुछ ही इलाकों में लाईन चालू हो सकी।

अचानक बदले मौसम के बाद गुरुवार रात ओलावृष्टि के साथ चली तेज बर्फीली हवाओं ने जिले में कहर ढाया। कुछ लोगों ने इसे आंशिक चक्रवात भी बताया है। गुरूवार रात आठ बजे शुरू हुआ बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला पूरी रात चलता रहा। तेज बर्फीली हवाओं ने भी ऐसा कहर ढाया कि लोगों की कंपकंपी छूट गई। तेज हवाएं अपने साथ आधे शहर की बिजली आपूर्ति भी ले उड़ी। चौक और नियांवा के साथ अमानीगंज क्षेत्र में नौ से अधिक बिजली के खम्भों के गिरने के कारण आपूर्ति ठप हो गई।

नगर के जनौरा समेत कई निचले इलाकों में बारिश के कारण नालियों का पानी उफना कर सड़कों पर आ गया। बारिश के चलते नगर निगम की ओर से सीवर लाइन के लिए कई गई खोदे गए गड्ढों में पानी भर गया। वहीं शुक्रवार शाम तक चौक और अमानीगंज सब स्टेशन से जुड़े दर्जनों मोहल्लों में शुक्रवार शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। चौक उप केन्द्र से जानकारी के लिए नम्बर घुमाया गया तो बंद मिला। पावर कार्पोरेशन के एक्सईएन तक ने लोगों का फोन उठाने की जहमत नहीं की। जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रात से शुक्रवार शाम तक आपूर्ति ठप होने से घरों के इनवर्टर भी बैठ गए। लोग पानी और दिनचर्या तक को लेकर हलकान रहे। ओलावृष्टि के कारण किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। पहले से ही संकट में घिरे किसानों की सरसों, गन्ने और सब्जी की खेती बुरी तरह से प्रभावित हुई है। इससे पहले भी किसानों पर मौसम की मार पड़ चुकी है। छुट्टा पशुओं की आफत के साथ लगातार मौसम की मार झेल रहे किसानों की अब कमर ही टूट चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी गहरा प्रभाव पड़ा है। फसलें तो बर्बाद हुई ही कई इलाकों में पेड़ों के गिरने से यातायात भी बाधित हो गया।

इनायतनगर से गदुरहीबाजार जाने वाली सड़क पर दर्जनों की संख्या में पेड़ टूट कर गिर गए हैं। जिससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। अमानीगंज के जयराजपुर सब स्टेशन पर पिछले 12 घंटों से बिजली सप्लाई बाधित है। विभाग के लोग लाइन ठीक करने में लगे हुए हैं। अमानीगंज के जेई रजनीश वर्मा ने बताया पेड़ों को हटा कर जल्द ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बहाल किया जाएगा।

जबकि अमानीगंज विकासखंड के दक्षिणी छोर पर स्थित गांवों में तेज आंधी पानी के साथ ओलावृष्टि होने से किसानों की फसलें तबाह हो गई हैं। करीब 15 घंटे से सोहावल क्षेत्र से विद्युत गायब। तेज हवाओं के चलते कई जगह विद्युत पोल टूटकर गिर गए हैं। एसडीओ सोहावल सूर्य प्रताप सिंह से सदस्य जिला पंचायत प्रतिनिधि अजय रावत ने विद्युत तत्काल बहाल करने के लिए की अपील की है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बसपा-सपा प्रत्याशियों समेत तीन उम्मीदवरों ने दाखिल किया नामांकन