बरेली: छेड़खानी और दुष्कर्म को हथियार बना एक लड़की ने दर्ज कराए तीन मामले

संजय शर्मा, अमृत विचार। किशोरी और युवतियों को न्याय दिलाने के लिए बने कानूनों का अब दुरुपयोग शुरू हो गया है। लोगों को फंसाकर अब किशोरी और युवतियां रुपये वसूल रही हैं। इसमें उनका परिवार भी शामिल है। ऐसी ही लड़कियों ने जिले में कई मामले दर्ज कराए, जो जांच में झूठे पाए गए। शहर …

संजय शर्मा, अमृत विचार। किशोरी और युवतियों को न्याय दिलाने के लिए बने कानूनों का अब दुरुपयोग शुरू हो गया है। लोगों को फंसाकर अब किशोरी और युवतियां रुपये वसूल रही हैं। इसमें उनका परिवार भी शामिल है। ऐसी ही लड़कियों ने जिले में कई मामले दर्ज कराए, जो जांच में झूठे पाए गए। शहर से लेकर देहात तक ऐसे ही कई मामले दुष्कर्म और सामुहिक दुष्कर्म के दर्ज हुए। पुलिस ने जब इसकी जांच की तो पता चला कि उस दिन आरोपी शहर से 300 किलोमीटर दूर था। इसके बाद पुलिस ने ऐसे कई मुकदमों को स्पंज किया और कई मामलों में फाइनल रिपोर्ट लगा दी।

कुछ समय पहले एक महिला सिविल लाइंस के एक शोरूम में काम की तलाश करने गई थी, जिसे नौकरी पर रख लिया गया। तीसरे दिन ही महिला ने शोरूम मालिक पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की तो सच्चाई समाने आ गई। महिला का आरोप झूठा पाया गया। इसके साथ ही सीबीगंज बड़ा बाईपास पर युवती ने गैंगरेप का आरोप लगाया था। जांच में पता चला कि लड़की झूठ बोल रही थी। उसने अपने ही बयान में बताया कि उसने प्रेमी को फंसाने के लिए यह किया था। वहीं सुभाषनगर की एक ही लड़की ने कई लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

केस एक

  • युवती समेत चार लोगों पर दर्ज कराई रिपोर्ट
    सुभाष नगर की रहने वाली किशोरी ने 2018 में युवती समेत चार लोगों पर नशा देकर गैंगरेप का आरोप लगाया था। पुलिस ने पास्को एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया। मुकदमा अब ट्रायल पर है। एक आरोपी अब भी जेल में सजा काट रहा है।

केस दो

  • समझौते के नाम पर बिल्डर को फंसाया
    गैंगरेप के मामले में समझौता करने की बात कहकर युवती के पिता ने बिल्डर पर सरेराह रास्ता रोककर छेड़खानी करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले की जांच की तो मौके पर मौजूद 20 लोगों ने घटना होने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई थी।

केस तीन

  • फिर से बिल्डर पर लगाया धमकाने का आरोप
    लड़की के पिता ने चार माह पहले उसी बिल्डर के खिलाफ सुभाष नगर पुलिस से शिकायत की कि वह अपने साथियों के साथ उसके घर में घुस आया। इस दौरान जान से मारने की धमकी देते हुए मुकदमे में फैसला करने को कहा। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि बिल्डर घटना के दिन बालाजी राजस्थान में था।

केस चार

  • लड़की गायब तो 19 लोगों के खिलाफ की शिकायत
    कुछ दिनों पहले लड़की गायब हो गई। इसके बाद उसके पिता ने 19 लोगों के खिलाफ अपहरण की शिकायत की। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद लड़की बरामद हो गई। उसने बताया कि वह नाराज होकर अपनी नानी के घर चली गई थी, जिसके बाद लड़के को छोड़ दिया गया।

इंस्पेक्टर सुभाष नगर नरेश त्यागी ने बताय कि लड़की और उसके पिता की आम शोहबत अच्छी नहीं है। लड़की ने बयान दिया था कि वह अपनी मर्जी से गई थी। इसके बाद लड़के को छोड़ दिया गया। लड़की के पिता द्वारा लिखाई गई रिपोर्ट में अब भी एक युवक जिला जेल में बंद है।