कानपुर: शोभायात्रा पर पथराव की खबर से मची भगदड़, बाजार बंद

कानपुर: शोभायात्रा पर पथराव की खबर से मची भगदड़, बाजार बंद

कानपुर, अमृत विचार। लाउडस्पीकर घटाने की नाराजगी के बाद रविवार शाम को श्री रामनवमी शोभायात्रा निकली तो मेस्टन रोड पर पत्थर फेंकने और भगदड़ से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। शोभायात्रा पर पत्थर फेंकने की खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गई। भारी पुलिस फोर्स आ गया। सद्भावना चौकी से मूलगंज और यतीमखाने तक बाजार बंद हो गई। अंदेशा जताया गया कि शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया पत्थर चलने की खबर अफवाह है। पथराव का कोई सुबूत, वीडियो, फोटो या घायल नहीं मिला है। फिर भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
 
अति संवेदनशील इलाके परेड से रविवार शाम 4 बजे के बाद शोभायात्रा शुरू करने की तैयारी हुई, तभी वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकरों की संख्या ज्यादा देखकर आपत्ति जताई। पुलिस ने साउंड हटवाने को कहा तो कमेटी के पदाधिकारियों से पुलिस की झड़प हो गई। माहौल में तनातनी रही। शाम 6 बजे के बाद शोभायात्रा पूर्व निर्धारित मार्ग से होती निकली और बिसाती बाजार पहुंची, तभी शोभायात्रा पर पत्थर फेंकने का शोर मच गया। शोभायात्रा में भगदड़ मच गई। शोभायात्रा रोक दी गई। काफी देर तक भगदड़ जैसी स्थिति के बाद आयोजकों ने शोभायात्रा का मार्ग आधा करते हुए मेस्टन रोड से लौटा दिया। इस बीच भारी पुलिस मौके पर पहुंची। आयोजकों ने कहा कि शिवाला के एक युवक को पत्थर लगा है। इसके बाद सद्भावना चौकी में आयोजकों ने शोभायात्रा पर पत्थर फेंके जाने की बात कही। बताया कि शिवाला के करन सोनी और एक अन्य युवक घायल है। जिसे केपीएम अस्पताल ले जाया गया है। 

भगदड़ व पथराव से फैला सन्नाटा

शोभायात्रा पर पत्थर फेंके जाने की घटना से व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग घरों की तरफ भागे। कुछ ही देर में सड़क पर सन्नाटा छा गया और सद्भावना चौकी पर डीसीपी पूर्वी एसके सिंह, एडीसीपी मनोज कुमार पांडेय, एडीसीपी सेंट्रल राजेश कुमार श्रीवास्तव क्यूआरटी (क्विक रेस्पांस टीम) और रिजर्व पुलिस फोर्स पहुंच गई। 

जानिये पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा...

शहर में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। अफवाहों का बाजार गर्म रहा है। अगर कोई तहरीर देता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पूरे शहर में शांति से जुलूस निकाले गए हैं।
-श्रवण कुमार सिंह, डीसीपी पूर्वी

आयोजकों और डीजे संचालक के साथ बैठक कर 15 दिन से लगातार हाईकोर्ट के आदेश को बता रहे है कि लाउडस्पीकर मानक के अनुसार ले चले। उसके बाद भी लोग साउंड हटवाने पर राजी नहीं हुए और विरोध जताया। वहीं कुछ लोगों ने नियमों का पालन किया। शोभायात्रा में भारी पुलिस फोर्स के साथ ड्रोन से भी लगातार निगरानी की जा रही है।
-हरीश चंदर, एडिशनल पुलिस कमिश्नर, कानून व्यवस्था

ये भी पढ़ें- कानपुर में DM के पिता की भी नहीं सुन नहीं पुलिस: बोले- गलत तरीके से शांतिभंग में फंसा दिया, थाने और एसीपी कार्यालय के लगा रहे चक्कर