बरेली: जी हां ये बरेली है… दिल्ली नहीं, हर तरफ जाम का झाम

बरेली: जी हां ये बरेली है… दिल्ली नहीं, हर तरफ जाम का झाम

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी भी आजकल दिल्ली बनी हुई है। दिल्ली में जिस तरह से चौराहों पर दिनभर जाम लगा रहता है। वैसा ही जाम कई दिनों से महानगर के चौराहों और सड़कों पर लग रहा है। यातायात सामान्य रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के इंतजाम भी विफल नजर आ रहे हैं। मंगलवार दोपहर …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी भी आजकल दिल्ली बनी हुई है। दिल्ली में जिस तरह से चौराहों पर दिनभर जाम लगा रहता है। वैसा ही जाम कई दिनों से महानगर के चौराहों और सड़कों पर लग रहा है। यातायात सामान्य रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के इंतजाम भी विफल नजर आ रहे हैं। मंगलवार दोपहर 12 बजे से करीब 1.30 बजे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके बाद मौसम साफ हुआ तो एकसाथ भीड़ सड़कों पर दौड़ी तो जहां देखो वहां जाम लग गया।

मंगलवार को चोपला ओवरब्रिज पर लगा जाम।

चौपुला चौराहा, पटेल चौक, कुतुबखाना, श्यामगंज चौराहा और श्यामगंज पुल से लेकर शहदाना चौक भीषण जाम की गिरफ्त में आ गया। घंटेभर से अधिक समय तक लोग जाम में फंसे रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत श्यामगंज पुल पर लगे जाम से हुई। पुल पर दो वाहन टकरा गए। इसके बाद दोनों साइडों से वाहनों की कतारें लगती चली गईं। विकास भवन से लेकर ईंट पजाया चौराहे तक वाहन जाम में फंस गए। कई एंबुलेंस भी फंसीं। इससे लोग डर गए।

कुतुबखाना चौराहा पर लगा जाम

लोगों को लगा कि बारिश हो गई तो भीग जाएंगे और जाम में फंसने के दौरान वाहनों से निकलने वाले धुएं से प्रदूषण भी फैलता है। धुआं सीधे तौर पर नाक व मुंह के जरिए शरीर में प्रवेश कर जाता है। श्यामगंज पुल पर किसी तरह वाहनों को एक-एक करके निकाला गया, तब यातायात सामान्य हुआ। चौपुला चौराहे पर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से जाम गया।

पटेल चौक से चौपला जाने वाली सड़क पर जाम।

पटेल चौक पर खुदी सड़क का मलबा पड़ा होने, नगर निगम रोड पर बैरिकेडिंग की वजह से तीन दिन से रोज जाम लग रहा है। कई घंटे तक चौराहा जाम की गिरफ्त में रहता है। यहां पुलिस चौकी होने के बावजूद सबसे ज्यादा जाम लगता है। कुतुबखाना चौराहे पर भीड़ का दबाव इतना ज्यादा है कि यहां पर लाकडाउन में जाम लगा रहता है। बाजार खुलने वाले दिन यहां से गुजरने वाले लोग बेशुमार दिक्कतें झेलते हैं।

श्यामगंज पुल पर लगा लम्बा जाम।

शहर में हर तरफ जाम लगने से ट्रैफिक पुलिस की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गयी। बारिश की वजह से चौराहों पर ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के साथ होमगार्ड भी नजर नहीं आए। वहीं शहदाना रोड भी जाम की गिरफ्त में रहा। दोपहर करीब 3 बजे जाम लगने से लोग गलियों में घुस गए। इसके बाद किसी गलियों से होकर शहदाना चौक पहुंचे।