मुरादाबाद: तहखाने में मिली शराब के मामले में 6 लोग गिरफ्तार, इनमें 3 महिलाएं भी शामिल

मुरादाबाद,अमृत विचार। डिलारी कांड में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मृतक तस्कर के परिजन हैं। पुलिस ने तस्कर की पत्नी, तीन बेटे व दो पुत्रवधु को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश …
मुरादाबाद,अमृत विचार। डिलारी कांड में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मृतक तस्कर के परिजन हैं। पुलिस ने तस्कर की पत्नी, तीन बेटे व दो पुत्रवधु को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं परिजनों से पूछताछ के बाद कोई ठोस सुराग न मिलने पर पुलिस ग्रामीणों की मदद से पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में लगी है।
तहखाना कांड सोमवार की देर रात डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर केसरिया में हुआ था। यहां पर रहने वाला राजेंद्र सैनी अवैध शराब के कारोबार में जेल जा चुका था। जेल से आने के बाद उसने अवैध शराब के धंधे के लिए गांव के बाहर नया मकान बनवाया था। उस मकान में एक गुप्त तहखाना भी बना था। सोमवार की रात उसका बेटा हरकेश शराब लेने के लिए तहखाने में उतरा। लेकिन वापस नहीं आया। इस पर राजेंद्र सैनी, उसका दूसरा बेटा प्रीतम और नौकर रमेश भी वहां चले गए।
काफी देर तक चारों बाहर नहीं आए तो परिजन उन्हें देखने पहुंचे। सभी बेहोशी की हालत में पड़ा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से चारों को बाहर निकाला। इसके बाद चारों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। तहखाने में हुई चार मौतों की सूचना पर डीआईजी शलभ माथुर, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह व एसएसपी पवन कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे।
पुलिस ने तहखाना तुड़वाया तो 74 पेटी अरुणाचल प्रदेश मार्का शराब बरामद हुई। इसका खुलासा होने के बाद पुलिस की ओर से चारों मृतक समेत दस के खिलाफ डिलारी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। बुधवार को पुलिस ने मृतक तस्कर की पत्नी सुदेश, बेटे दलवीर, ब्रह्मपाल, निर्मल तथा पुत्रवधु अंजलि व सरिता उर्फ कुसुम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।