हल्द्वानी: 12 साल बाद अप्रैल के दूसरे सप्ताह में 37.5 डिग्री पहुंचा पारा

हल्द्वानी: 12 साल बाद अप्रैल के दूसरे सप्ताह में 37.5 डिग्री पहुंचा पारा

हल्द्वानी, अमृत विचार। इस बार गर्मी का मौसम अपने चरम पर है। हर साल अप्रैल माह में गर्मी अपने चरम की ओर अग्रसर रहती है। माह के अंत तक औसतन तापमान 33 से 34 डिग्री तक पहुंचता है लेकिन इस बार माह के दूसरे सप्ताह में ही पारा 37.5 डिग्री तक पहुंच गया है। मौमस …

हल्द्वानी, अमृत विचार। इस बार गर्मी का मौसम अपने चरम पर है। हर साल अप्रैल माह में गर्मी अपने चरम की ओर अग्रसर रहती है। माह के अंत तक औसतन तापमान 33 से 34 डिग्री तक पहुंचता है लेकिन इस बार माह के दूसरे सप्ताह में ही पारा 37.5 डिग्री तक पहुंच गया है। मौमस विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में और तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं। वहीं, आने वाले चार दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा।

पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि इस बार मौसम का तापमान बीते सालों की अपेक्षा एक माह आगे चल रहा है। दिसंबर माह से लेकर फरवरी माह तक करीब 15 बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना थी लेकिन इस बार तीन बार ही अच्छा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है जबकि दो बार हल्के पश्चिमी विक्षोभ आए हैं, जिनका असर होने से पहले वह खत्म हो गए। ऐसे में औसतन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय न होने के चलते मौसम के तापमान में खासा प्रभाव पड़ा है। इसी कारण मौसम के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. सिंह ने बताया कि अप्रैल माह के अंत तक अधिकतम तापमान 37 या 38 डिग्री तक पहुंचा है। हालांकि, अधिकांश तौर पर अप्रैल माह का औसतन तापमान 33 से 34 डिग्री तक दर्ज किया जाता है। दूसरे सप्ताह में 37.5 डिग्री पारा पहुंचना, ऐसा करीब 12 साल बाद हुआ है। वहीं, 2012 में माह के अंत में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच चुका था। उन्होंने बताया कि रविवार को तराई-भाबर का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

एक दिन में बढ़ा एक डिग्री पारा
हल्द्वानी। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को तराई-भाबर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जोकि रविवार को 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऐसे में एक दिन में ही एक डिग्री तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश ने थामा तराई-भाबर का न्यूनतम तापमान
हल्द्वानी। तराई-भाबर का अधिकतम तापमान तो काफी तेजी के साथ बढ़ रहा है लेकिन न्यूनतम तापमान में खासी बढ़ोतरी नहीं हुई है। अप्रैल माह में औसतन न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाता रहा है। इस बार न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास ही दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में रविवार को भी यह तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

छह साल के आंकड़ें
वर्ष- माह में सबसे अधिक दर्ज तापमान
2016- 31.3
2017- 35.6
2018- 36.4
2019- 36.8
2020- 37.2
2021- 37.5 (दूसरे सप्ताह में दर्ज तापमान)